Top Ranchi News of the Day, 26th May 2020, गिरिडीह मेयर, पेंटिंग में गोल्ड, रांची डीसी ने किया निरीक्षण, कितना कोरोना जांच हुआ, कोरोना के 2 नए मरीज
Top Ranchi News of the Day 26th May 2020. पढ़ें मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 26th May 2020 - मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। झारखंड हाई कोर्ट ने गिरिडीह के मेयर के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर राेक लगा दी है। राष्ट्रीय ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता में झारखंड के 10 प्रतिभागियों ने गोल्ड मेडल हासिल किया। रांची डीसी खेलगांव क्वारंटाइन सेंटर में खान-पान का निरीक्षण किया। हाई कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि हिंदपीढ़ी में अब तक कितने लोगों की कोरोना जांच हुई है। झारखंड में मंगलवार दोपहर तक कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची डीसी ने खेलगांव क्वारंटाइन सेंटर में साफ-सफाई का लिया जायजा
रांची उपायुक्त राय महिमापत रे ने मंगलवार को खेलगांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर एवं ट्रांजिट शेल्टर होम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। ट्रांजिट शेल्टर होम से खुलनेवाली इंटर डिस्ट्रिक्ट एवं इंटरस्टेट बसों का मुआयना करने के बाद पदधिकारियों को प्रवासी श्रमिकों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। साथ ही खाने-पीने संबंधी व्यवस्था के बारे में उनसे जानकारी ली।
गिरिडीह मेयर के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक
गिरिडीह के मेयर के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट ने पीड़क कार्यवाही पर रोक लगा दी है। मंगलवार को अदालत में गिरिडीह मेयर के मामले में सुनवाई हुई। जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने मेयर सुनील पासवान के खिलाफ पीड़क कार्यवाही पर रोक लगाई। इस मामले में अदालत ने सरकार से भी जवाब मांगा है। गिरिडीह के मेयर सुनील कुमार पासवान पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसे उन्होंने निरस्त करने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है।
पेंटिंग में पीएम मोदी के साथ दिखे पुलिस व डॉक्टर, मिला गोल्ड मेडल
द कोरोना वारियर्स राष्ट्रीय ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता में झारखंड के 10 प्रतिभागियों ने गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा 19 प्रतिभागियों ने सिल्वर और 23 ने ब्रांज मेडल हासिल किया। एक पेंटिंग में पुलिस और डॉक्टर को कोरोना वारियर्स के रूप में दिखाया गया है। कलाकृति आर्ट फाउंडेशन एवं कलाकृति स्कूल ऑफ़ आर्ट्स के द्वारा कोरोना महामारी के बारे में जागरूकता फ़ैलाने एवं लॉकडाउन के समय में घर पर बैठे बच्चों को एक मंच प्रदान करने इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एक महीने तक चली इस प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों से 1233 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
झारखंड हाई कोर्ट ने पूछा, हिंदपीढ़ी में कितने लोगों की हुई कोरोना जांच
झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य की सरकार से पूछा है कि रांची के हिंदपीढ़ी में अब तक कितने लोगों की कोरोना जांच हुई है। अदालत में दाखिल एक याचिका पर मंगलवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह सवाल किया। झारखंड हाई कोर्ट में कोरोना को लेकर स्वत संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस की खंडपीठ ने राज्य सरकार से पूछा कि रांची के हिंदपीढ़ी की कितनी जनसंख्या है और कितने लोगों की कोरोना वायरस की जांच की गई है। इसके अलावा अदालत ने यह भी पूछा है कि रेड जोन से आने वाले कितने प्रवासी मजदूरों के कोरोना वायरस की जांच की गई है।
झारखंड में फिर मिले कोरोनावायरस के 2 नए मरीज
झारखंड में मंगलवार दोपहर तक कोराेना वायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। एक मामला जमशेदपुर और दूसरा पॉजिटिव केस धनबाद में मिला है। अब झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 410 हो गई है। धनबाद में कोरोना पॉजिटिव पाई गई छात्रा है। वह हाल ही में दिल्ली से लौटी है। अब धनबाद में कोरोना मरीजों की संख्या 11 हो गई है। जमशेदपुर में मंगलवार को मिला कोरोना पॉजिटिव पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला है। वह 24 मई को टाटा मेडिकल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती हुआ था। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 26 हो गई है। प्रशासन अब इसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर रहा है।