RSS Sangh Samagam: संघ प्रमुख मोहन भागवत के सिर पर पैर रख देवराहा बाबा ने दिया आशीर्वाद
RSS Sangh Samagam संघ प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार की देर शाम बैठक के बाद देवराहा बाबा से आशीर्वाद लेने के लिए पुंदाग पहुंचे। वहां कुछ देर रुक कर बाबा से आशीर्वाद लिए।
रांची, जासं। RSS Sangh Samagam राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत की अगुआई में रांची में चल रहे संघ समागम के दूसरे दिन शुक्रवार को संघ प्रमुख शाखा विस्तार पर मंथन कर रहे हैं। इस क्रम में संघ के पदाधिकारियों के साथ मोरहाबादी के रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में संघ प्रमुख ने आनुषांगिक संगठनों के क्रियाकलापों पर भी चर्चा की। अलग-अलग सत्र में आयोजित कार्यक्रमों में आगे आरएसएस चीफ डॉ भागवत बुद्धिजीवियों से देश और राज्य के ज्वलंत मसलों पर भी बात करेंगे।
देवराहा बाबा से संघ प्रमुख ने लिया आशीर्वाद
संघ प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार की देर शाम बैठक के बाद देवराहा बाबा से आशीर्वाद लेने के लिए पुंदाग पहुंचे। वहां कुछ देर रुक कर बाबा से आशीर्वाद लिए। उनके साथ क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह, सह क्षेत्र कार्यवाह देवव्रत पाहन, क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, प्रांत प्रचारक रविशंकर, क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, सह प्रांत प्रचारक दिलीप कुमार, क्षेत्र सेवा प्रमुख अजय कुमार, सरयू राय, यदुनाथ पांडेय, पवन सहित कई लोग थे। उल्लेखनीय है कि मोहन भागवत देवराहा बाबा के भक्त हैं।
संघ प्रमुख ने झारखंड एवं बिहार के कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
डॉ. मोहन भागवत ने दोपहर में झारखंड एवं बिहार के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें संघ कार्य के विस्तार पर लोगों से चर्चा की। सूत्रों के अनुसार उन्होंने सभी लोगों से संघ कार्य के लिए समय देने की अपील की। वहीं शाम में रांची महानगर के अधिकारियों के साथ बैठक कर शाखा विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने एक वर्ष में रांची महानगर के सभी बस्तियों में शाखा प्रारंभ करने की बात कही। पांच दिवसीय बैठक अपर बाजार स्थित माहेश्वरी भवन में चल रही है।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं जैविक खेती पर होगी चर्चा
अगले तीन दिनों तक होने वाली बैठक में शाखा विस्तार के साथ-साथ जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण, गो सेवा एवं सामाजिक समरसता के विषय पर चर्चा होगी। इस बैठक में झारखंड, उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार एवं उत्तर पूर्व क्षेत्र की पूरी कार्यकारिणी भाग लेगी। 23 फरवरी को रांची से देवघर के लिए रवाना होंगे।