पत्नी, बेटी व बेटा का हत्यारा बोला, जेल से छूटने के बाद बेटी के प्रेमी को भी मार दूंगा
Jharkhand. पलामू के रहने वाले जवान ने अपनी पत्नी बेटी-बेटा की हत्या के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी।
रांची, जासं। राजधानी रांची के बडग़ाईं में स्पेशल ब्रांच के जवान ब्रजेश तिवारी को ट्रिपल मर्डर मामले में जेल भेज दिया गया है। जेल भेजे जाते समय मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए ब्रजेश ने कहा कि उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। जेल से छूटकर बेटी के प्रेमी को भी मार दूंगा। आरोपित जवान ने अपनी पत्नी रीना तिवारी (35), बेटी खुशबू कुमारी (15) व पुत्र बादल तिवारी (13) की हथौड़े व चाकू से मार कर हत्या कर दी थी।
तीनों को मारने के बाद जवान ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। जवान मूल रूप से पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के तुलरा गांव का रहने वाला है। वह पूरे परिवार के साथ बडग़ाई के चित्रगुप्त नगर के बगल में स्थित ब्रिटिश पब्लिक स्कूल के पास बलदेव साहू के मकान के प्रथम तल्ले में किराए पर रहता था।
वर्तमान में वह विशेष शाखा के डीएसपी मनीष टोप्पो के चालक के रूप में कार्यरत था। उसका ससुराल गढ़वा में कुड़ीकामता गांव में है। रांची के बडग़ाईं निवासी बलदेव साहू के मकान में वह डेढ़ साल से किराए पर रह रहा था। घटना के बाद पीसीआर-9 के पदाधिकारी के बयान पर चालक जवान ब्रजेश तिवारी के खिलाफ सदर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपी बृजेश ने पुलिस से कहा, बेटी के प्रेम प्रसंग से था परेशान
ब्रजेश तिवारी ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी पुत्री के प्रेम प्रसंग से परेशान था। बेटी के प्रेम-प्रसंग के शक में ही शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पत्नी और बेटी से बहस हुई। बात बढ़ी तो गुस्से में ब्रजेश ने हथौड़ा तथा चाकू से हमला कर तीनों की हत्या कर दी। मृतकों के गर्दन में चाकू व सिर के विभिन्न हिस्सों में हथौड़े से चोट लगने के गहरे जख्म मिले हैं।
सस्पेंड किया जा चुका है ब्रजेश तिवारी
ब्रजेश तिवारी पुलिस मुख्यालय द्वारा सस्पेंड किया जा चुका है। घटना के बाद ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। घटनास्थल से चाकू, हथौड़ा व शराब की बोतल भी बरामद हुई है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी आवश्यक छानबीन कर साक्ष्य संकलित किया है, जिसकी जांच की जाएगी। मृतकों के नेल क्लिपिंग व बिसरा को सुरक्षित रखा गया है, ताकि उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा सके।