Move to Jagran APP

Top Ranchi News of the Day, 22nd January 2020, भाजपा ने कार्रवाई की मांग की, नियोजन नीति, पुलिस महकमे में हड़कंप, संजय सेठ को जमानत, नकली नोट

Top Ranchi News of the Day 22nd January 2020. पढ़ें बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 22 Jan 2020 04:58 PM (IST)Updated: Wed, 22 Jan 2020 04:58 PM (IST)
Top Ranchi News of the Day, 22nd January 2020, भाजपा ने कार्रवाई की मांग की, नियोजन नीति, पुलिस महकमे में हड़कंप, संजय सेठ को जमानत, नकली नोट
Top Ranchi News of the Day, 22nd January 2020, भाजपा ने कार्रवाई की मांग की, नियोजन नीति, पुलिस महकमे में हड़कंप, संजय सेठ को जमानत, नकली नोट

रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 22nd January 2020 - बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। भारतीय जनता पार्टी ने चाईबासा के सोनुवा में सात ग्रामीणों की हत्या मामले में सरकार से कार्रवाई की मांग की है। नियोजन नीति की अधिसूचना को चुनौती वाली याचिका पर हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सात ग्रामीणों की एक साथ हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। रांची के सांसद संजय सेठ को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में जमानत मिल गई है। नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का रांची पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

loksabha election banner

भाजपा ने 7 ग्रामीणों की हत्या मामले में कार्रवाई की मांग की

भारतीय जनता पार्टी ने चाईबासा के सोनुवा में सात आदिवासियों की हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग की है। झारखंड प्रदेश भाजपा ने कहा है कि सरकार सभी दोषियों को कानूनन सजा दिलाना सुनिश्चित करे। बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि पुलिस अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करे। पार्टी नेता और पूर्व आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव ने कहा कि पत्थलगड़ी समर्थकों से मुकदमा वापस लेना गलत है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और यह घटना इसी का नतीजा है।

नियोजन नीति की अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित

झारखंड हाई कोर्ट ने नियोजन नीति के तहत जारी अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। बुधवार को मामले की सुनवाई लार्जर बेंच में हुई। सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला रखा सुरक्षित। सरकार ने नियोजन नीति के तहत 13 अनुसूचित जिलों के तृतीय और चतुर्थ वर्गीय पदों पर स्थानीय लोगों की नियुक्ति का प्रावधान किया है। सोनी कुमारी ने इसको चुनौती दी है। इससे पूर्व मंगलवार को अदालत में सरकार की ओर से पक्ष रखते हुए महाधिवक्ता अजीत कुमार ने कहा था कि संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत राज्यपाल को इस तरह की अधिसूचना निर्गत करने का पूर्ण अधिकार है।

7 ग्रामीणों की एक साथ हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सात ग्रामीणों की एक साथ हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिले के गुदड़ी प्रखंड स्थित घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बुरुगुलीकेरा में अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए इस विभत्स घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पुलिस की ओर से सर्च अभियान जारी है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। उन्होंने सात ग्रामीणों की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से मैं आहत हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून सबसे ऊपर है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

आचार संहिता उल्लंघन मामले में रांची सांसद संजय सेठ को जमानत

रांची के सांसद संजय सेठ को लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन मामले में रांची सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक दंडाधिकारी परमानंद उपाध्याय की अदालत ने सांसद को जमानत दी। आठ अपै्रल 2019 को आचार संहिता लागू होने के बावजूद सांसद संजय सेठ ने सिल्ली में जनसभा किया था। सांसद संजय सेठ ने जमानत के लिए पांच हजार रुपये का बेल बांड भरा।

रांची में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक धराया

राजधानी रांची की पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की गिरफ्तारी मांडर थाना क्षेत्र से हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपित के पास से 100, 200 और 500 के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपित के घर से प्रिंटर, पेपर, कम्प्यूटर सहित कई समान भी मिले हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.