Top Ranchi News of the Day, 19th September 2019, मानसून की विदाई, JSCA चुनाव पर रोक से इन्कार, बुजुर्ग से लूटे ढाई लाख, प्रभुनाथ सिंह, मॉल से गिरकर मौत
Top Ranchi News of the Day 19th September 2019. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 19th September 2019 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में 25 से 27 सितंबर तक मानसून की अंतिम बारिश होने की संभावना है। झारखंड हाई कोर्ट ने जेएससीए चुनाव पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है। अरगोड़ा इलाके में गुरुवार को दोपहर में अपराधियों ने एक बुजुर्ग से ढाई लाख रुपये लूट लिए। झारखंड हाई कोर्ट ने प्रभुनाथ सिंह के मामले में निचली अदालत की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। सेंट्रल मॉल से गिरकर मौत होने के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे को लेकर सड़क जाम कर दिया। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
इस माह होगी मानसून की विदाई
झारखंड में अगले चार दिनों में छिटपुट बारिश की संभावना है। 23 सितंबर तक राज्य में हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग केंद्र के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि 25 से 27 सितंबर तक मानसून की अंतिम बारिश होने की संभावना है। बारिश की कमी से जूझ रहे जिलों में अब इसे पूरा करने की संभावना नहीं दिखती है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से 19 फीसद कम बारिश वाले जिलों में बारिश की स्थिति सामान्य श्रेणी में मानी जाती है।
जेएससीए चुनाव पर रोक लगाने से झारखंड हाई कोर्ट का इन्कार
झारखंड हाई कोर्ट ने जेएससीए चुनाव पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है। अदालत ने गुरुवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान बीसीसीआइ जेएससीए सीओए और रिटर्निंग पदाधिकारी को नोटिस जारी कर 2 सप्ताह में जवाब मांगा। जेएससीए का चुनाव 22 सितंबर को होना है। इस चुनाव के लिए मनोज सिंह ने सचिव पद के लिए नामांकन भरा था। नामांकन रद्द हो जाने पर उन्होंने चुनाव रोकने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की।
अपराधियों ने बुजुर्ग को बनाया निशाना, लूट लिए ढाई लाख रुपये
राजधानी रांची के अरगोड़ा इलाके में गुरुवार को दोपहर में अपराधियों ने एक बुजुर्ग से ढाई लाख रुपये लूट लिए। बुजुर्ग अपनी भतीजी की शादी के लिए बैंक से रुपये निकाल कर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया। इस घटना में बुजुर्ग घायल भी हो गए। पैसे लुटकर अपराधी फरार हो गए। अरगोड़ा थाने की पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह मामले में निचली अदालत की कार्रवाई पर रोक
झारखंड हाई कोर्ट में पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के मामले में सुनवाई हुई। गुरुवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने निचली अदालत की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। जस्टिस आनंद सेन की कोर्ट में सुनवाई हुई। हजारीबाग जेल में छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के पास से 70 हजार रुपये मिलने के मामले में निचली अदालत में ट्रायल चल रहा है। बिहार के बाहुबली राजद के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को अशोक सिंह हत्याकांड मामले में हजारीबाग की निचली अदालत ने उम्र कैद की सजा सुनाई थी। हजारीबाग जेल में रहने के दौरान छापेमारी में पुलिस को प्रभुनाथ सिंह के पास से 70 हजार रुपये मिले थे।
मॉल से गिरकर मौत के बाद मुआवजे को लेकर परिजनों का हंगामा
राजधानी रांची के मेन रोड में गुरुवार को लोगों ने सड़क जाम कर दिया। यहां करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। बताया गया कि रोशपा टावर के सामने स्थित सेंट्रल मॉल से एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो जाने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और सड़क जामकर यातायात बाधित कर दिया। बीते 17 सितंबर को सेंट्रल मॉल से संजीव गुप्ता नाम का सेल्समैन गिर गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के मान-मनौव्वल के करीब एक घंटे बाद जाम हटा। इस बीच पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। इसके बाद सड़क जाम कर रहे लोग मौके से भाग खड़े हुए। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।