जैक अध्यक्ष ने कहा, स्कूल स्तर पर दिए जाने वाले अंकों में होती है गड़बड़ी
मैट्रिक की परीक्षा में स्कूल के स्तर पर दिए जाने वाले अंकों में भारी गड़बड़ी होती है। इसके बारे में जैक अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि इस पर ध्यान देने की जरूरत है।
जागरण संवाददाता, रांची : मैट्रिक की परीक्षा में स्कूल के स्तर पर दिए जाने वाले अंकों में भारी गड़बड़ी की जा रही है। आतरिक मूल्याकन के तहत दिए जाने वाले अंको के लिए ठोस आधार जरूरी है। ये बातें बुधवार को जिला स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यशाला में झारखंड एकेडमिक काउंसिल के चेयरमैन डॉ. अरविंद सिंह ने कही। वे माध्यमिक शिक्षा और मूल्याकन में गुणवत्ता सुधार विषय पर शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में राची जिले के राजकीय, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट, अल्पसंख्यक, उत्क्रमित, मॉडल, कस्तूरबा सहित आवासीय उच्च विद्यालयों के डेढ़ सौ से ज्यादा प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया। कभी भी स्कूल से मांग सकते हैं अंक
जैक अध्यक्ष ने कहा कि असेसमेंट की गड़बड़ी रोकने के लिए जैक कभी भी स्कूल स्तर पर दिए जाने वाले अंको की जाच कर सकती है। जैक अध्यक्ष ने कहा कि दूसरे राज्यों की तुलना में झारखंड एकेडमिक काउंसिल का दायरा बड़ा है। हमारा काम महज परीक्षा आयोजित करने का नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से स्कूलों में शिक्षा के पैटर्न को बदला जा रहा है। इसमें क्लास, विषय और मूल्याकन स्तर पर कई बदलाव शामिल हैं।
दक्षिणी छोटानागपुर के आरडीडीई अशोक कुमार शर्मा ने पाठयक्रम में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और विषयों के प्रैक्टिकल क्लासेज को प्राथमिकता में शामिल करते हुए सौ फीसदी रिजल्ट देने की बात कही।
जैक सचिव महीप कुमार सिंह ने परीक्षा प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन, सघन परामर्श केंद्र संचालन आदि विषयों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया। डीईओ मिथिलेश कुमार सिन्हा ने भी विचार रखे। संचालन प्राचार्य अशोक सिंह ने किया। मौके पर जैक आइटी हेड कुणाल प्रताप सिंह, प्राचार्य आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य थे।