Top Ranchi News of the Day, 11th September 2019, मोटर वाहन एक्ट का विरोध, मेडिका में मरीज की मौत, प्रदीप यादव, स्टेन स्वामी, किन्नर निकला बच्चा चोर
Top Ranchi News of the Day 11th September 2019. पढ़ें बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 11th September 2019 - बुधवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। नए मोटर वाहन एक्ट का कांग्रेस और झाविमो ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। मेडिका में गलत दवा देने से मरीज की मौत का परिजनों ने आरोप लगाया। यौन शोषण के आरोपित विधायक प्रदीप यादव के मामले में हाई कोर्ट ने केस डायरी मांगी है। झारखंड हाई कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा स्टेन स्वामी के खिलाफ जारी वारंट को निरस्त करने से इन्कार कर दिया है। बच्चा चोर की अफवाह में लोगों ने एक किन्नर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
मोटर वाहन एक्ट का कांग्रेस और झाविमो ने किया विरोध
नए मोटर वाहन एक्ट 2019 को लेकर राजनीति तेज हो गई है। बुधवार को रांची में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की अगुआई में झारखंड विकास मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मोटर वाहन एक्ट में हुए संशोधन के खिलाफ कांग्रेस भी बुधवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस का मानना है कि नई व्यवस्था से भ्रष्टाचार बढऩे की आशंका है। कांग्रेसियों ने कहा कि नियमावली अव्यावहारिक है और जब से यह व्यवस्था लागू हुई है, पुलिस-प्रशासन और जनता के बीच कई संघर्ष देखने को मिल रहा है। बुधवार को बाबूलाल मरांडी ने रांची में साइकिल चलाकर झाविमो के राज्यव्यापी विरोध की अगुवाई की। राज्य के सभी जिलों में पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
मेडिका में मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, गलत दवा देने का आरोप
राजधानी रांची के मेडिका हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद कोहराम मचा है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए यहां हंगामा किया। उनका कहना है कि मरीज को गलत दवा दी गई। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अपने परिवार की बॉडी भी नहीं दी जा रही है। मृतक का नाम दशरथ बताया गया है। उसे सात सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यौन शोषण के आरोपित विधायक प्रदीप यादव के मामले में हाई कोर्ट ने मांगी केस डायरी
झारखंड हाई कोर्ट में बुधवार को झाविमो विधायक प्रदीप यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। जस्टिस आर मुखोपाध्याय की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने केस डायरी की मांग की। अब मामले की अगली सुनवाई 26 सितंबर को होगी। अपनी ही पार्टी की नेत्री के साथ यौन शोषण के आरोप में घिरे प्रदीप यादव ने हाई कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है।
पत्थलगड़ी के आरोपित स्टेन स्वामी को हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
पत्थलगड़ी के आरोपित स्टेन स्वामी को झारखंड हाई कोर्ट से राहत नहीं मिल पाई है। स्टेन स्वामी ने हाई कोर्ट से निचली अदालत से जारी वारंट को निरस्त करने की मांग की थी। लेकिन अदालत ने राहत देने से इन्कार कर दिया है। साथ ही सरकार को इस मामले में जवाब देने का निर्देश दिया है।
रांची में किन्नर को बच्चा चोर समझकर लोगों ने दौड़ाया, पुलिस को सौंपा
राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मिसिर गोंदा में बुधवार की सुबह एक बार फिर बच्चा चोर की अफवाह फैली। बच्चा चोरी के शक में एक युवक को पकड़ लिया गया। पकडऩे के बाद स्थानीय लोगों ने पूछताछ की, तो पकड़ा गया युवक किन्नर निकला। दरअसल किन्नर मिसिर गोंदा गांव में सुबह तीन बजे अकेले घूमता दिखा। इसके बाद ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सूचना दी। इस बीच पूरे गांव में अफवाह फैल गई कि गांव में बच्चा चोर पकड़ा गया है। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची और किन्नर को थाने ले गई।