झारखंड में नहीं थम रहीं बच्चा चोरी की अफवाहें, साधु और महिला समेत 12 लोगों को पीटा
देवघर गिरिडीह दुमका गढ़वा व लातेहार के अलग-अलग इलाकों में हुई घटनाओं में उग्र भीड़ ने बच्चों और महिलाओं समेत आठ लोगों की पिटाई कर दी।
रांची, जेएनएन। बच्चा चोर की अफवाह अब भी चरम पर है। इस नाम पर हो रही पिटाई की घटनाओं का सिलसिला रविवार और सोमवार को भी जारी रहा। देवघर, गिरिडीह, दुमका, गढ़वा व लातेहार के अलग-अलग इलाकों में हुई घटनाओं में उग्र भीड़ ने बच्चों और महिलाओं समेत आठ लोगों की पिटाई कर दी। भीड़ हिंसा के शिकार बने ज्यादातर लोग विक्षिप्त हैं। इन सभी मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडि़तों को बचाया।
गिरिडीह में युवती को पेड़ से बांधकर पीटा
गिरिडीह के तिसरी में एक मूक-बधिर युवती को लोगों ने बच्चा चोर बता ग्रामीणों ने पेड़ से बांध दिया वहीं गांडेय में एक विक्षिप्त व्यक्ति को बच्चा चोर बताकर लोगों ने अपने कब्जे में ले लिया। इसी बीच उधर से गुजर रहे दैनिक जागरण के संवाददाता की नजर भीड़ पर पड़ी तो उन्होंने लोगों को समझाकर युवती को बंधन से मुक्त कराया। साथ ही लोगों से अफवाह नहीं फैलाने की अपील की। वहीं गिरिडीह के ही गांडेय थाना के नईटांड़ गांव में रविवार शाम बच्चा चोर के संदेह में ग्रामीणों ने एक मानसिक रोगी युवक को पकड़ लिया। मुखिया और पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए युवक की जान बचाई।
देवघर में दो विक्षिप्त बच्चों को बनाया बंधक
देवघर स्थित कुंडा तपोवन के बारा गांव में रविवार रात गांव घूम रहे एक किशोर व किशोरी को ग्र्रामीणों ने बच्चा चोर होने के संदेह में पकड़कर बंधक बना लिया। पकड़ा गया किशोर विक्षिप्त बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को थाने ले गई, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।
बोकारो में चार लोगोें की पिटाई
बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात चबूतरे पर सोए रजरप्पा रामगढ़ के सीसीएल कर्मी संतोष करमाली (35) की लोगों ने बच्चा चोर कहकर पिटाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। उक्त सीसीएल कर्मी को भी मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। इधर चास में आंगनबाड़ी सेविका उषा कुमारी और उसके सहयोगी महेश कुमार को भी बच्चा चाेर के शक में पीटा गया। चंदनकियारी में एक वृद्धा और बरमसिया में एक अर्द्धविक्षिप्त युवक की पिटाई कर दी गई।
दुमका में विक्षिप्त महिला की पिटाई
दुमका जिले के रामगढ़ क्षेत्र के हंसडीहा अंतर्गत गंगवारा में सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने एक विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर कहकर पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लातेहार में पुलिस ने बचाई साधु की जान
लातेहार जिले के चंदवा के नेवाडी (चेटर) गांव में प्रयागराज के एक साधु को लोगों ने बच्चा चोर बता बंधक बना लिया। इसके बाद लोग उसकी जमकर पिटाई करने लगे। कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने साधु की जान बचाई। दूसरी ओर गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के ङ्क्षपडरा गांव निवासी मानसिक रूप से बीमार एक युवक की लोगों ने पिटाई कर दी। रंका पुलिस के प्रयास से युवक को बचाया गया।