पलामू के प्रफुल्ल कुमार सिंह समेत कई दलों के लोग भाजपा से जुड़े
राज्य ब्यूरो रांची भूमि विकास बैंक पलामू के अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार सिंह समेत कई दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।
राज्य ब्यूरो, रांची : भूमि विकास बैंक, पलामू के अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार सिंह समेत कई दलों के नेताओं ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की उपस्थिति में प्रफुल्ल कुमार सिंह, झाविमो के मीडिया प्रभारी पंकज पांडेय और झामुमो पलामू के पूर्व युवा अध्यक्ष अरविंद कुमार तिवारी को उनके समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। सबने पार्टी में शामिल होकर खुशी जताई और यह संकल्प लिया कि पार्टी की मजबूती के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का आंकड़ा अब 65 नहीं, 80 पार होगा। भाजपा में शामिल होने वाले प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि मैं भाजपा की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व पर भरोसा कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं। कहा, पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसी पूरी लगन और निष्ठा से पूरी करूंगा। झाविमो से आए पंकज पांडेय ने भी कहा कि एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह पार्टी की सेवा करूंगा। अरविंद तिवारी ने कहा कि भाजपा ही लोक कल्याण के लिए समर्पित पार्टी है। इस मौके पर रांची सांसद संजय सेठ, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, संजय जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सदस्यता ग्रहण करने वाले अन्य लोगों में झामुमो के लवकुश सिंह, प्रेम राम, विनय कुमार सिंह, अमित सिंह, रजनीश सिंह, मृदुल सिंह, टिंकू झा, झाविमो से आशीष कुमार, प्रेम चौबे, सचिन पांडेय, निशांत, प्रशांत पांडेय, सौरभ सिंह सहित कई लोग शामिल हैं।
----------