रांची : मुंहबोले चाचा ने लूट ली भतीजी की अस्मत, वायरल किया वीडियो
नाबालिग ने पुलिस को बताया है कि आरोपित ने ब्लैकमेल कर उससे तीन बार दुष्कर्म किया है और मना करने पर फिनायल पिलाकर मारने की कोशिश की।
रांची, जासं। राजधानी रांची में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक 16 वर्ष की नाबालिग की अस्मत उसके मुंहबोले चाचा ने लूट ली। इतना ही नहीं, उसने पीडि़ता की वीडियो और अश्लील तस्वीरें भी वायरल कर दिया। वीडियो दिखा ब्लैकमेल कर एक के बाद एक लगातार तीन बार दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी का दबाव बनाया।
शादी से इन्कार करने पर युवती को फिनाइल पिलाकर मारने की कोशिश की गई। इसे लेकर अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। नाबालिग ने पुलिस को बताया है कि कि वह रांची में रहकर पढ़ाई करती है। उसके दूर के रिश्ते में लगने वाले चाचा अक्सर उससे फोन पर बातें किया करते थे। इस दौरान वह हमेशा यह बोलते कि हम दोनों दोस्त हैं।
फोन पर बातचीत के दौरान ही उसने पीडि़ता का वाट्सअप नंबर लिया और चैट करने लगा। इस दौरान आरोपित चाचा ने कई बार पीडि़ता को ट्यूशन पढऩे के लिए बोला। इसपर पीडि़ता ने इन्कार कर दिया। आरोपित ने कई बार अश्लील मैसेज भेजा, जिसे पीडि़ता ने अनदेखा कर दिया। इसी क्रम में अप्रैल 2018 में आरोपित ने अरगोड़ा रेलवे स्टेशन बुलाया और वहां एक सेल्फी ले ली।
इसके बाद जबदस्ती उसे उठा कर पीडि़ता को अपने घर ले गया। वहां सेल्फी दिखाकर ब्लैकमेल किया और इसके बाद जबरन दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की उसने अश्लील वीडियो बना ली। वीडियो दिखाकर अलग-अलग समय उसके घर जाकर भी दुष्कर्म किया।
खुद को नक्सली बता दी धमकी : पीडि़ता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह इस घटना को किसी को नहीं बताने के लिए बोली थी। किसी को बताने पर मां-बाप को मरवा देने और भाई को अगवा कर लेने की धमकी दी। बोला कि वह नक्सली है। इसके बाद वाट्सअप भी आरोपित ने हैक कर लिया था।
पीडि़ता इस बात को काफी दिनों तक दबाए रखी थी। लेकिन एक दिन आरोपित उसके घर पहुंचा और जबरन शादी का दबाव बनाया। मना करने पर बोला तुम मेरी नहीं हो सकती तो किसी और की नहीं हो सकती, यह कहते हुए फिनायल पिला दिया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मां पहुंची थी और इलाज करवाया गया।
पीडि़ता का कराया गया मेडिकल : पीडि़ता का पुलिस ने मेडिकल करवाया है। वहीं कोर्ट में 164 के तहत बयान भी दर्ज करवाया जाएगा। अरगोड़ा थानेदार रतिभान सिंह के अनुसार मामले की पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। आरोपित की तलाश की जा रही है।