झामुमो ने कसा तंज; भाजपा में नहीं बची लोक-लाज, नेताओं ने ताक पर रख दी मर्यादा
भाजपा नेताओं के आपसी विवाद पर चुटकी लेते हुए झामुमो ने कहा कि रविंद्र पांडेय और ढुलू महतो के आरोप-प्रत्यारोप पर भाजपा आखिर चुप क्यों है।
रांची, राज्य ब्यूरो। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ढूलू महतो और गिरिडीह से लोकसभा के सदस्य रविंद्र पांडेय के बीच की तनातनी विपक्षी खेमे को भा रही है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर लांछन लगाए हैं। यह सिलसिला लगातार तेज हो रहा है। विपक्ष ने इस स्थिति पर चुटकी ली है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेताओं में लोकलाज नहीं बचा है। यही वजह है कि बाघमारा के विधायक के खिलाफ जब भाजपा की हीं नेत्री ने यौन शोषण के आरोप लगाए तो उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई लेकिन भाजपा के लोकसभा सदस्य के खिलाफ आनलाइन मामला दर्ज कर लिया गया।
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा इस मामले पर चुप्पी क्यों साधे बैठे हैं? यह झारखंड की महिलाओं के अस्मिता पर सीधा हमला है। देश के अन्य हिस्सों में भी भाजपा का ऐसा चेहरा दिख चुका है। भाजपा नेतृत्व में यदि थोड़ी भी नैतिकता और लोक-लज्जा बची है तो विधायक और लोकसभा सदस्य को पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर देना चाहिए।