कृष्णा नगर गुरुद्वारा में मना गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व
शुक्रवार को रांची के कृष्णानगर गुरुद्वारा में गुरुनानक देव का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शबद कीर्तन का आयेाजन किया गया। हजारों लोगों ने लंगर छका।
जागरण संवाददाता, रांची
श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर शुक्रवार की रात विशेष दीवान सजाया गया। शुरूआत जिथे बाबा पैर धरे पूजा आसन थापन सोआ..शबद गायन से हुई। भाई भरपूर सिंह के दल ने सतगुरु नानक परगटया मिट्टी धुंध जग चानन होआ.. सा धरती भाई हरयालवी जिथे मेरा सतगुरु बैठा आए..शबद गायन किया। रात्रि 2.30 बजे आनंद साहिब जी के पाठ, अरदास, हुकुमनामा के साथ तीन दिवसीय उत्सव का समापन हुआ। गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह जी ने कथा वाचन द्वारा गुरु नानक जी की जीवनी के बारे में बताया। प्रकाश पर्व में लुधियाना से विशेष रूप से पधारे भाई गुरचरण सिंह जी रसिया ने गुरु नानक की वडिआई..मेरे हर प्रीतम की कोई बात सुनावै..घर घर बाबा गावियै वजण ताल मृदंग रबाबा..हल्ले यारा हल्ले यारा खुशखबरी बल बल जाऊं हौं बल बल जाऊं..जैसे कई शबद गायन कर संगत को भक्ति के सागर में डुबोया।
सत्संग सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी ने भाई गुरचरण सिंह जी रसिया को एवं मुखी जयराम दास मिढ़ा ने ज्ञानी सरबजीत सिंह धुंदा को सरोपा देकर नवाजा। सत्संग सभा के सचिव मनीष मिढ्डा ने प्रकाश पर्व में बढ़-चढ़कर सेवा करने के लिए गुरु नानक भवन कमेटी, गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल कमेटी, श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी, शिव बरात समिति, बहावलपुरी पंजाबी समाज एवं सभी प्रकार की सेवा में जुटे तमाम सेवादार तथा वार्ड पार्षदों का धन्यवाद किया। राची जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का विशेष तौर से धन्यवाद किया।
गोलक प्रदान की गई
इस मौके पर 2019 में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं को गुरु की गोलक प्रदान की गई। एक साल तक गोलक में दान करेंगे। मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि गोलक समाज के लोग लेकर घूमेंगे। हर समाज के लोग अपनी इच्छा से हर दिन कुछ न कुछ दान करेंगे। एक साल तक यह कार्यक्रम चलेगा। अगले साल 12 नवंबर को भव्य दीवान सजेगा।