सीएम के विधानसभावार सम्मेलनों से माहौल बनाएगी भाजपा
चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा अब क्षेत्रीय समीकरणों के अनुसार कील-कांटे दुरुस्त करने में जुट गई है।
रांची। चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा अब क्षेत्रीय समीकरणों के अनुसार कील-कांटे दुरुस्त करने में जुट गई है। भाजपा की तैयारी मुख्यमंत्री रघुवर दास के विधानसभावार होने वाले सम्मेलनों से चुनावी माहौल बनाने की है। मुख्यमंत्री का विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन दिसंबर माह से शुरू होगा।
विधानसभा सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं से सीधे मुखातिब होंगे और उन्हें टिप्स देंगे, बूथ स्तर पर पार्टी की तैयारियों की रिपोर्ट भी इस दौरान तलब की जाएगी। सीएम की कोशिश होगी कि वे एक दिन में एक से अधिक विधानसभा में कार्यकर्ताओं से मुखातिब हों। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा का सारा फोकस बूथ पर है। इन सम्मेलनों के माध्यम से सत्ता और संगठन के बीच के समन्वय की कवायद भी निचले स्तर पर की जाएगी। कार्यकर्ताओं को सरकार के स्तर से आम जनता विशेषकर गरीब, आदिवासी, किसान, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का ब्योरा भी मुहैया कराया जाएगा।
साथ ही विपक्ष पर निशाना साधने के टिप्स भी दिए जाएंगे। बता दें कि भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी विधानसभावार कर रही है। बूथों की श्रेणियां तैयार की गई हैं, जिन्हें पार्टी ने ए, बी, सी और डी में विभक्त किया है। सी और डी स्तर के बूथ जहां पिछले चुनाव में भाजपा कमजोर रही थी, वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आज आएंगे भूपेंद्र यादव
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव शनिवार को रांची पहुंच रहे हैं। वे यहां रांची विश्वविद्यालय में वित्तीय समावेशन पर आयोजित सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान भूपेंद्र यादव प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भूपेंद्र यादव की अहम भूमिका रही थी।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक 26 को
मिशन-2019 की तैयारियों को लेकर 26 नवंबर को भाजपा की प्रदेशस्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा सभी जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी और विधानसभा के संयोजक भाग लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्तर से सौंपे गए टास्क पर जमीनी रिपोर्ट तलब की जाएगी।
बता दें कि अमित शाह ने अपने रांची प्रवास के दौरान बूथ जीतो चुनाव जीतो के नारे के साथ 19 तरह के टास्क बूथ स्तर पर तय किए थे। इन टास्क पर अमल की प्रक्रिया कागजों पर काफी हद तक पूरी हो चुकी है और अब विधानसभावार सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश भाजपा इन टास्क की जमीनी पड़ताल करेगी।