विभिन्न स्कूलों के150 बच्चों ने गीता पाठ प्रतियोगिता में लिया भाग
चिन्मय मिशन की रांची इकाई द्वारा नगर स्तरीय गीता पाठ प्रतियोगिता का आयेाजन किया गया । प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 150 बच्चों ने भाग लिया। 2600 बच्चों के बीच प्रतियोगिता के बाद इन 150 बच्चों का चयन किया गया था।
जागरण संवाददाता, रांची : चिन्मय मिशन, राची द्वारा कराई जा रही गीता पाठ प्रतियोगिता-2018 की द्वितीय नगर स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को चिन्मय आश्रम में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नारनोलिया ग्रुप ऑफ कंपनी के सीएमडी कृष्णानंद नारनोलिया, विशिष्ट अतिथि आयकर अधिकारी अजीत थे। नगर स्तरीय प्रतियोगिता में 150 बच्चे विद्यालयों से चयनित होकर आए थे। इन विद्यालयों में प्रथम स्तर की प्रतियोगिता में 2600 बच्चों ने भाग लिया था। उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी बच्चों के अभिभावक एवं शिक्षक भी उपस्थित थे।
नारनोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि गीता ने उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने यह कहा कि करने योग्य कर्म करना कर्म योग, मानने योग्य को मानना भक्ति योग तथा जानने योग्य जानना ज्ञान योग है। विशिष्ट अतिथि अजीत ने अपने संबोधन में यह कहा कि चिन्मय मिशन के इस कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों को भगवद्गीता के संस्कृत श्लोकों का सहजता से पाठ करते देखकर अभिभूत हैं। स्वागत संबोधन में चिन्मय मिशन, राची के अध्यक्ष वीके गढयान ने यह बताया कि चिन्मय मिशन वर्ष 2001 से लगातार गीता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है तथा प्रत्येक वर्ष एक अध्याय लिया जाता है। मिशन के सचिव एसपी वर्मा ने मिशन की जानकारी देते हुए बताया कि 25 से 28 नवंबर तक शाम 6.30 से 8 बजे तक चिन्मय मिशन, दिल्ली के आचार्य स्वामी प्रकर्षानन्द जी ,कर्म,भक्ति तथा ज्ञान योग पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रवचन देगें। 26 से 28 नवंबर 18 तक सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक ध्यान विधि बताते हुए ध्यान का अभ्यास कराएंगे। चिन्मय मिशन राची के आचार्य स्वामी माधवानंद श्रवण साधना कार्यक्रम के तहत दिसंबर 18 में 16 से 20 दिसंबर तक जेवीएम श्यामली मे श्रीमद्भागवत दिसंबर 21 से 25 तक आनंदमयी आश्रम में गीता तथा 21 से 26 दिसंबर को आश्रम में पंचदशी पर प्रवचन करेंगे। 29 नवंबर से 1 दिसंबर 18 तक सेल सिटी में गीता के 14 वें अध्याय पर प्रवचन देंगे। 16 से 19 जनवरी 2019 तक चिन्मय मिशन के विश्व प्रमुख स्वामी स्वरूपानंद जी का ज्ञान यज्ञ राची में आयोजित है।
वर्मा ने यह भी बताया कि चिन्मय मिशन संस्था को डा. नागेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय शाति पुरस्कार 24 नवंबर 18 उपराष्ट्रपति के करकमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा। संचालन वर्मा ने किया। कार्यक्रम में पवन कुमार मंत्री, अरुण बुधिया, एमपी माहेश्वरी, श्रवण जाजोडिया, वेद प्रकाश बागला, राजेश कौशिक, आरएस किंगर, आरपी राय, बैजनाथ सिंह, शैलजा षाडंगी, गीता तिवारी, मंगला बागला, अर्पिता मैती, कुसुम नाग, मंजू तिवारी, शकुंतला सिंह, सुभाष तिवारी आदि उपस्थित थे।