Move to Jagran APP

झारखंड स्थापना दिवस पर होगी सौगातों की बरसात

झारखंड स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार जनता को कई सौगातों से नवाजेगी।

By TaniskEdited By: Published: Wed, 14 Nov 2018 10:27 PM (IST)Updated: Thu, 15 Nov 2018 06:52 AM (IST)
झारखंड स्थापना दिवस पर होगी सौगातों की बरसात
झारखंड स्थापना दिवस पर होगी सौगातों की बरसात

रांची, जेएनएन। झारखंड राज्य के लिए आज का दिन खासा अहम है। आज के दिन को और यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार जनता को कई सौगातों से नवाजेगी। नव चयनित शिक्षकों,राजस्वकर्मियों और अमीनों के बीच नियुक्तिपत्र का वितरण किया जाएगा। झारखंड खुले में शौच से मुक्त होगा और करीब 1100 करोड़ की निर्माण योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।  

loksabha election banner

राज्य के तीन जिलों को भी पूर्ण रूप से विद्युतीकृत घोषित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 हस्तियों को राज्य सरकार सम्मानित भी करेगी। राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के दो विजयी प्रतिभागी भी पुरस्कृत किए जाएंगे। 18वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। वहीं,मुख्यमंत्री रघुवर दास समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में पारा शिक्षक खलल न डाले इसलिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।  

राजस्व कर्मियों,अमीनों और नव चयनित शिक्षकों को मिलेगा नियुक्तिपत्र 

आज राज्य में 713 नवचयनित राजस्व कर्मचारियों एवं अमीनों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। स्कूली एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत प्लस टू विद्यालय के 1385 शिक्षकों के बीच भी नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा वाणिज्यकर विभाग के अंतर्गत सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से नवचयनित 20 राज्य कर पदाधिकारियों के बीच भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। समारोह में सांकेतिक रूप से पांच-पांच लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।  

खुले में शौच से मुक्त होगा झारखंड 

झारखंड राज्य खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) होने वाले राज्यों में  गुरुवार से शामिल हो जाएगा। स्थापना दिवस समारोह में बकायदा इसकी घोषणा की जाएगी। पिछले चार सालों में 33 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण कर इस लक्ष्य को हासिल किया गया है।  

लोहरदगा, हजारीबाग और देवघर पूर्ण विद्युतीकृत जिला घोषित होगा 

राज्य के तीन जिलों लोहरदगा,हजारीबाग एवं देवघर को पूर्ण रूप से विद्युतीकृत जिला घोषित किया जाएगा। राज्य सरकार ने दिसंबर-2018 तक शत प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस कड़ी में पूर्व में चार जिलों को पूर्ण विद्युतीकृत किया जा चुका है, शेष जिलों को इस वर्ष के अंत तक प्राप्त किया जाएगा। स्थापना दिवस के मौके पर विद्युतीकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों पर आडियो-विजुअल क्लिप का भी प्रदर्शन किया जाएगा।  

निर्माण योजनाओं का होगा शिलान्यास 

राज्यपाल व मुख्यमंत्री संयुक्त रूप से 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न निर्माण योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। झारखंड कौशल मिशन के अंतर्गत छह दीनदयाल कौशल केंद्र का उद्घाटन भी किया जाएगा।  

कृषि पखवाड़ा का शुभारंभ 

राज्य सरकार स्थापना दिवस पर कृषि पखवाड़े का शुभारंभ भी करेगी।किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।  

परिसंपत्तियों का किया जाएगा वितरण 

विभिन्न बैंकों द्वारा मुद्रा व अन्य योजनाओं के अंतर्गत लगभग 2000 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। सांकेतिक रूप से कुछ लोगों को राज्यपाल व मुख्यमंत्री चेक भी सौंपेंगे। इसके अलावा सखी मंडलों व अन्य लाभुकों के बीच 100  करोड़ रुपये की अनुदान राशि का वितरण भी किया जाएगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.