रांची के विशेष वशिष्ठ ने यूक्रेन में लहराया भारत का परचम
रांची के विशेष ने यूक्रेन में यूरो एशियन बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपने देश भारत का मान बढ़ाया है।
रांची, जासं। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा के बड़े बेटे विशेष वशिष्ठ ने यूक्रेन में आयोजित यूरो एशियन बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भारत का परचम लहराया और कांस्य पदक जीता है। डीपीएस रांची से मैट्रिक एवं इंटर करने के बाद बीआइटी मेसरा से बीटेक कर 2015 में निकले विशेष वशिष्ठ अभी नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
विशेष के पिता पवन शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित की गई। जिसमें विशेष ने अपने देश का नाम रौशन किया है। जब वह बीआइटी मेसरा में पढ़ाई कर रहा था तब भी अपने कमरे में जिम का सारा सामान रखता था। वह चार से पांच घंटे रोज जिम करता है। पवन कहते हैं कि पढ़ाई के दौरान भी वह खुद खाना बनाकर खाता। बाहर के खाने को वह पसंद नहीं करता है।
पवन कहते हैं कि बेटे को बस बॉडी बिल्डिंग का शौक है। एक साल से नोएडा के एक जिम में इसकी तैयारी कर रहा था। वहां के कोच के साथ जिम के पांच-छह लड़के इस प्रतियोगिता में भाग लिए। जहां पर वह कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। यह हम सबके लिए खुशी की बात है। पवन शर्मा ट्रांसपोर्टर हैं। उनके दो बेटे हैं। छोटा बेटा भी भुवनेश्वर में आइआइटी कर रहा है।