100 करोड़ का दवा घोटाला : मुंबई से गिरफ्तार दवा सप्लायर को सीबीआइ ने न्यायिक हिरासत में भेजा
दवा घोटाले में मुंबई से गिरफ्तार दवा व्यवसायी रियाज खान को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने के बाद सीबीआइ की अदालत में पेश किया गया।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में 100 करोड़ के दवा घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ की टीम ने मुंबई से गिरफ्तार दवा सप्लायर रियाज खान फरीदी रांची लाया गया। उसे शुक्रवार को सीबीआइ के प्रभारी विशेष न्यायाधीश की अदालत में प्रस्तुत किया। यहां से उसे 16 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जेल जाने वाला रियाज खान फरीदी मुंबई की माइक्रोजेन हाइजीन प्राइवेट लिमिटेड नामक का कार्यकारी निदेशक है।
उसपर दवा आपूर्ति में घोटाले का आरोप है। सीबीआइ की रांची स्थित आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने उसे 31 अक्टूबर को मुंबई से गिरफ्तार किया था। जहां से ट्रांजिट रिमांड पर उसे रांची लाया गया है। दवा घोटाले के इस मामले में वर्ष- 2009 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें रियाज खान फरीदी भी आरोपित था, जिसे हाई कोर्ट ने बरी कर दिया था।
इसके बाद सीबीआइ रियाज के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट गई थी, जहां हाई कोर्ट का फैसला खारिज हो गया था। सुप्रीम कोर्ट ने रियाज की अग्रिम जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया था। तब से ही रियाज फरार चल रहे थे, जिनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट, इश्तेहार, कुर्की आदि की प्रक्रिया भी हुई थी। अंतत: उनकी गिरफ्तारी हुई है। दवा घोटाले के इस बहुचर्चित कांड में राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व स्वास्थ्य सचिव डा. प्रदीप कुमार व अन्य आरोपित हैं। इनका मामला अदालत में विचाराधीन है।