छोटी-सी जगह पर कई रंग बिखेरता है तोरण
राची : घर के दरवाजे पर तो कभी ऑफिस के बाहर रौनक बढ़ाता हुआ बड़ी शान से लटकता है
राची : घर के दरवाजे पर तो कभी ऑफिस के बाहर रौनक बढ़ाता हुआ बड़ी शान से लटकता है तोरण। छोटी-सी जगह पर कई रंग बिखेरता है यह तोरण। त्योहार के मौके पर यह आपकी खुशियों में जैसे कई रंग भर देता है। कहते हैं कि आपके घर की सजावट का अंदाजा प्रवेश द्वार से ही लग जाता है इसलिए दीवाली के मौके पर मार्केट में लगभग सैकड़ों प्रकार के तोरण उपलब्ध हैं। महाराष्ट्रियन, गुजराती, राजस्थानी और बंगाली स्टाइल में बने इन तोरण की मार्केट में 200 रुपये से लेकर 2500 रुपए कीमत है। इसे अपनी पसंद और बजट के हिसाब से खरीद सकते हैं।
---
रॉयल लुक में तोरण
अगर आप अपने घर के एंट्रेंस को रॉयल लुक देना चाहते हैं, तो लटकन वाला तोरण आपकी इच्छाओं को पूरा कर सकता है। इस तोरण की कीमत 2500 रुपये है। इस तोरण की चमक काफी दूर तक जाती है। यह चमकीले मोतियों से बनी होती है, साथ ही अधिकतर तोरण में गोल्डन पॉलिश की हुई होती है। इसके अलावा इसमें लगने वाले मोती इसे एक अलग ही लुक देते हैं। इस प्रकार के तोरण को आप अपने मंदिर में भी टाग सकते हैं।
----
गणेश जी को समर्पित तोरण
दीवाली के मौके पर जिस समय चारों तरफ गणेश और लक्ष्मी जी की पूजा होती है तो भला तोरण इससे कैसे अछूता रह सकता है। तोरण के विक्रेता निरंकर बताते हैं कि इस तोरण की खासियत यह है कि यह आम होने के बाद भी खास है। इसमें भगवान गणेश पत्तियों पर विराजमान हैं जिसके चलते लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
---
राजस्थानी तोरण
कोई भी राजस्थानी चीज अपने ट्रेडिशनल लुक के लिए जानी जाती है। चौड़ी स्ट्रिप वाले राजस्थानी तोरण की सुंदरता इसमें लगे स्टोन से बढ़ती है। इसके अलावा इसमें रंगबिरंगे ऊन से गोले बना कर सजाए गए हैं और ऊन से ही इसमें कढ़ाई भी की गई है। इसके कोने में गोल आकार के छोटे-छोटे शीशे से भी सजावट की गई है। ऐसे तोरण की कीमत एक हजार रुपये है।
-----
कढ़ाई वाले तोरण
यूं तो मार्केट में कई रंग-बिरंगे तोरण उपलब्ध हैं लेकिन गुजराती तोरण इनसे जरा हटके हैं। चौड़ी स्ट्रिप वाले यह तोरण देखने में बहुत सुंदर लगते हैं। इसमें चारों तरफ कढ़ाई की होती है, इसके अलावा इसमें मोर और अलग-अलग डिजाइन की पत्तिया बनाई गई हैं।
---
क्या कहते हैं विक्रेता
तोरण कई प्रकार के आते हैं, मोतियों व स्टोन से सजे हुए। दीवाली में लोग अपने घर को हर तरह से एक अलग लुक देना चाहते हैं और घर के प्रवेश द्वार को सजाने के लिए तोरण सबसे उपयुक्त चीज है। लोग इसे काफी पसंद भी करते हैं।
निरंकर, विक्रेता