सांप्रदायिक तनाव में बदली बच्चों की लड़ाई, पुलिस और समझदारों ने संभाला माहौल
मामूली बात पर आमने सामने आए दो गुट, जमकर हुई मारपीट में कई घायल
By Edited By: Published: Thu, 18 Oct 2018 07:43 AM (IST)Updated: Fri, 19 Oct 2018 12:57 PM (IST)
जागरण संवाददाता, रांची : पिठोरिया क्षेत्र के चंदवे गांव में बुधवार की सुबह हुई बच्चों की लड़ाई के बाद इसे सांप्रदायिक रंग दे दिया गया। बच्चों की बात पर दो गुटों में यहां जमकर लाठी-डंडे चले, पत्थरबाजी भी हुई। ऐन वक्त पर पिठोरिया थानेदार सोहन लाल मौके पर पहुंच गए और भीड़ को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद अतिरिक्त बल मंगवा कर दोनों गुटों के लोगों को समझा-बुझाकर माहौल को सामान्य किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। दोनों समुदाय के अमनपसंद लोग आगे आए और सूझबूझ से स्थिति बिगड़ने से बचाया। घटना के बाद पिठोरिया थानेदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। ---- ऐसे बिगड़ा माहौल चंदवे बस्ती के पास बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक समुदाय का नाबालिग लड़का ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। उसी दौरान दूसरे समुदाय के नाबालिग लड़के ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद दोनों में झगड़ा हो गया। उधर एक पक्ष के युवक के समर्थन में तीन-चार युवकों ने मिलकर मारपीट की। इसके बाद दूसरे पक्ष से भी लोग आकर मारपीट करने लगे। फिर दोनों गुट के दर्जनों लोग लाठी-डंडों के साथ निकल गए और देखते ही देते सांप्रदायिक तनाव हो गया। पुलिस और अमनपसंद लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए माहौल को बिगड़ने से रोक लिया। दोनों समुदाय के लोगों ने बैठक की और समझौता किया। साथ ही सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर नजर रखने और भविष्य में ऐसी हरकत न होने की चेतावनी दी गई। इसकी जिम्मेवारी दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों ने ली।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें