दुर्गा पूजा पंडाल में तीन दिन में दूसरी बार लगी आग, आक्रोशित लोगों ने दमकल कर्मियों को पीटा
रांची के किशोरगंज स्थित प्रगति प्रतीक क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल में फिर आग लग गई।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची के किशोरगंज स्थित प्रगति प्रतीक क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल में फिर आग लग गई। आग से पंडाल के साथ-साथ मां दुर्गा की प्रतिमा भी आग से पूरी तरह जल कर खाक हो गई। इस पूजा पंडाल में तीन दिनों में दो बार आग लगी है। इस घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने दमकल कर्मियों की जमकर पिटाई की।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े नौ बजे के करीब पंडाल के समीप लगे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली, जिसके बाद जूट व पुआल से बने पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पूरे पंडाल में जूट से सजावट की गई थी, जिसके कारण आग काफी तेजी से फैलती चली गई। महज चार मिनट में सब जलकर राख हो गया।
घटना के कुछ देर बाद अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। इससे गुस्साए लोगों ने दमकलकर्मियों से मारपीट भी की। उन्हें खदेड़ दिया। मीडियाकर्मियों पर भी गुस्सा दिखाया।
इसी पूजा पंडाल के मुख्य गेट पर 13 अक्टूबर की रात करीब ढाई बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। घटना के बाद से पूजा समिति के लोगों के साथ-साथ स्थानीय लोग काफी दुखी हैं। वे दुर्गा मां से क्षमा-याचना कर चुनरी विसर्जन की तैयारी कर रहे हैं।