रांची के पंडरा थाना ओपी को स्थानीय लोगों ने घेरा
रांची के पंडरा थाना घेरने पहुंचे लोग दो निर्दोष युवकों को छोड़ने की मांग कर रहे हैं।
रांची, जासं। राजधानी रांची के पंडरा थाने पर स्थानीय लोगों ने दबिश दे दी है। पंडरा थाना ओपी का स्थानीय लोगों ने घेराव करते हुए इलाके के दो लोगों को छोड़ने की मांग उठाई है। बताया गया कि पुलिस ने गोली चलाने मामले में दो युवकों को पकड़ा है। परिजनों का कहना है दोनों युवक निर्दोष हैं।
इससे पहले पंडरा ओपी क्षेत्र में 16 सितंबर को भाजपा नेता देवेन्द्र सिंह पर गोली चलाने के मामले में परिजनों ने थाना का घेराव किया था। इस मामले में पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर नामजद आरोपित भरत के ड्राइवर राजेश गोप और राजू टोप्पो को पूछताछ के लिए पकड़ा है। दोनों को जबरन पुलिस द्वारा पकड़ने के आरोप में परिजनों ने बुधवार को थाना का घेराव किया है। आक्रोशित परिजन पुलिस पर झूठे केस में फंसाने का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद छोड़ा जायेगा। पकड़े गए दोनों युवक रातू के सुंडिल के रहनेवाले हैं। हालांकि, इस मामले में मुख्य आरोपित भरत अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बताया गया कि बीते दो दिन से पुलिस के द्वारा उठाए गए दोनों युवकों का पता नहीं चल पा रहा है। हालांकि इन युवकाें पर गोली चलाने का अारोप है। पुलिस ने संभवत: इनसे पूछताछ करने के लिए ही पकड़ा है। परिजन दोनों युवकों को छोड़ने की मांग कर रहे हैं।