भूटान के बुद्ध मंदिर की थीम पर तुपुदाना में बन रहा पंडाल
रांची : तुपुदाना के श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति 1976 से दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है
रांची : तुपुदाना के श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति 1976 से दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। इस साल समिति द्वारा भूटान स्थित बुद्ध मंदिर की थीम पर पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। तुपुदाना चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में पिछले पंद्रह दिनों से मिलन टेंट हाउस के 20 कारीगर पंडाल निर्माण में जुटे हैं। 4 लाख 51 हजार रुपये की लागत से 60 फीट ऊंचाई, चालीस फीट चौड़ाई व लंबाई के दायरे में बनने वाला यह पंडाल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। भव्य पंडाल के अंदर भक्त मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। खास बात यह है कि पंडाल धातु से बनाया जा रहा है। स्टील की चादर से बनी विभिन्न प्रकार की कलाकृति दर्शकों को आकर्षित करेगी। पंडाल के अंदर व बाहर आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। विभिन्न प्रकार की रंगबिरंगी रोशनी से पंडाल रोशन होगा। 40 से ज्यादा गांव के लोग पूजा में भाग लेंगे।
--
20 फीट ऊंची मां की प्रतिमा का भक्त करेंगे दर्शन
पंडाल में 20 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा का पूजन होगा। भक्त मां की आलौकिक प्रतिमा का दर्शन कर धन्य होंगे। बंगाल के मूर्तिकार अजय पाल 71 हजार रुपये की लागत से मां की प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं। महिला व पुरुष भक्तों को पंडाल में प्रवेश करने के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग किया जाएगा। नवमी की संध्या काल जागरण से माता रानी का दरबार सजेगा। माता के गीत से वातावरण में भक्ति की गंगा प्रवाहित होगी। पूजा आयोजन में लगभग आठ लाख खर्च होने की संभावना है। महानवमी व दशमी को पांच क्विंटल चावल से बनी खिचड़ी भोग भक्तों के बीच वितरण होगा। सुरक्षा व्यवस्था को मुकम्मल करने के लिए पूजा परिसर में नौ सीसीटीवी कैमरा लगेगा।
--
इनका है योगदान-
आयोजन में संरक्षक लाल हरी नाथ शाहदेव, कमलेश कुमार, अध्यक्ष लाल मोहित नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष अतीश कुमार साहु, सचिव जयंत शाहदेव, पूजा प्रभारी भोला राम, ब्रज किशोर शाहदेव अािद सदस्य योगदान दे रहे हैं।