ठाकुर जसवंत सिंह हत्याकांड में भाई की गवाही दर्ज
अपर न्यायायुक्त एसएन मिश्रा की अदालत में सोमवार को वीर कुंवर सिंह चौक पर हुई हत्या मामले में सुनवाई हुई।
जागरण संवाददाता, रांची : अपर न्यायायुक्त एसएन मिश्रा की अदालत में सोमवार को वीर कुंवर सिंह चौक धुर्वा में ठाकुर जसवंत सिंह की हत्या मामले में सुनवाई हुई। मामले के सूचक सह मृतक जसवंत सिंह के भाई राणा प्रताप सिंह की गवाही दर्ज की गयी। श्री सिंह ने अदालत को घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। गवाही के दौरान जेल में बंद अमर सिंह को वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया था। गवाह ने अदालत को बतलाया कि आरोपी अमर सिंह ने मॉर्निंग वाक से लौटते समय वीर कुंवर सिंह चौक पर जसवंत सिंह को गोली मारी गयी थी। प्रताप सिंह पर भी जानलेवा हमला किया गया था। आरोपियों ने पहले ही घटना का अंजाम देने के इरादे से चौक पर हथियार के साथ घात लगाये बैठे थे। जैसे ही चौक पहुंचे ताबड़तोड़ फाय¨रग शुरू कर दी गई। हमले में सूचक के सिर पर गंभीर चोट लगी थी।
गवाही के दौरान आरोपी अमर सिंह ने भी गवाह से सवाल किये। जिसका जवाब गवाह ने दिया। गवाही पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने अगली गवाही की तारीख 27 सितंबर निर्धारित की है। जानकारी हो कि इंटक नेता राणा संग्राम सिंह के छोटे बेटे जसवंत सिंह की हत्या नौ अक्तूबर 2015 को धुर्वा स्थित वीर कुंवर सिंह चौक में गोली मारकर कर दी गयी थी। इस मामले में राणा संग्राम सिंह के मंझले बेटे ने धुर्वा थाने में प्राथमिकी (काड संख्या 262/15) दर्ज करवायी थी। मामले में आरोपी वंश नारायण सिंह, रणधीर सिंह, ओम प्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, रमेश कुमार यादव एवं अमर सिंह ट्रायल फेस कर रहा है। राणा संग्राम सिंह के बड़े बेटे राम इकबाल सिंह के दामाद अमर सिंह घटना के बाद से ही जेल में है। जबकि अन्य आरोपी जमानत पर चल रहे हैं। सोमवार को गवाही के दौरान वंश नारायण सिंह, रणधीर सिंह व ओम प्रकाश सिंह सशरीर मौजूद था।