चैंबर सदस्यों ने जगाई आस, कराएंगे राज्य का विकास
शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ झारख्ाड चैंबर की नवनिर्वाचित टीम ने जागरण कार्यालय में अपने विचार रखे। राज्य के विकास के संबंध में खुल कर चर्चा की।
जागरण संवाददाता, रांची : दैनिक जागरण कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर के नव निर्वाचित कार्यसमिति के सदस्यों के साथ शुक्रवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बैठक में शहर को बेहतर बनाने के साथ राज्य के विकास संबंधी मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर पूर्व चैंबर अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि राज्य में कई काम हैं, जो किए जा सकते हैं। लेकिन उन्हें नहीं किया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष दीपक मारू ने कहा कि राज्य के विकास के लिए सभी कार्यो की योजना बनाकर उन्हें एक-एक कर बारी-बारी से पूरा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही बिजनेस क्लास और प्रोफेशनल्स के हित में काम करने की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि विकास की राह में छोटे-छोटे मुद्दे मुश्किलें पैदा करते हैं, लेकिन उन्हें समझदारी से दूर कर रास्ता बनाया जा सकता है।
संवादहीनता से बचना होगा
चैंबर अध्यक्ष दीपक मारू ने कहा कि कम्युनिकेशन गैप यानी किसी प्रकार की संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए। मीडिया को चाहिए कि वह चैंबर की सब-कमिटी के सदस्यों संग बातचीत करते रहे। वहीं उन्होंने बताया कि चैंबर ने 2022 तक शहर को प्लास्टिक लेस बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यो की लिस्ट बनाई जा रही है। जिससे पुराने कार्यो का भी निपटारा किया जा सकेगा और कोई काम अधूरा नहीं रहेगा। टूरिज्म सेक्टर का हो विकास
उपाध्यक्ष सोनी मेहता ने कहा कि राज्य के विकास में पर्यटन बड़ी भूमिका निभा सकता है। बशर्ते इस पर ध्यान देने की जरूरत है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जब से चैंबर से जुड़ी हूं, लगातार इसके लिए आवाज उठा रही हूं। लेकिन अब तक कोई कार्य नहीं हुआ है। वहीं उपाध्यक्ष दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि लोगों में इच्छाशक्ति की कमी है। सोनी मेहता ने कहा कि जरूरी है कि ग्रास रूट लेवल पर कार्य हो। राज्य में खाली ऊपर के लेवल पर कार्य होता है। ट्रांसपोर्ट नगर के लिए बने ठोस योजना
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण के लिए 40 एकड़ नहीं, बल्कि 100 एकड़ जमीन की जरूरत है। जरूरी है कि योजना ऐसी बने कि वह पूरी तरह दुरुस्त हो। साथ ही अधिकारी भी व्यावहारिक बातों का ख्याल रखते हुए योजनाओं को लागू करें। जागरण सरोकार से कराया गया रूबरू
वहीं इसी बीच दैनिक जागरण झारखंड के वरीय महाप्रबंधक मनोज गुप्ता ने नव निर्वाचित चैंबर कार्यकारिणी के सदस्यों को दैनिक जागरण की ओर से समाज हित में किए जा रहे कार्यो और जागरण सरोकारों से अवगत कराया। जिसकी कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने खूब सराहा। मौके चैंबर के नव निर्वाचित अध्यक्ष दीपक मारू, पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाडोदिया, उपाध्यक्ष सोनी मेहता एवं दीनदयाल वर्णवाल, सह सचिव राम बांगड व कोषाध्यक्ष राहुल मारू ने राज्य की समस्याओं व पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।