हर एक का सम्मान करना ही सभ्यता : इंद्रेश कुमार
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा, संस्कृति वह जाति है जो लोगों को सभ्य बनाती है। हर एक का सम्मान करना ही सभ्यता है।
जागरण संवाददाता, रांची : संस्कृति वह जाति है जो लोगों को सभ्य बनाती है। हर एक का सम्मान करना ही सभ्यता है। जबकि दूसरे का अपमान करना असभ्यता है। भारत को सभ्य देश माना जाता है। ये बातें आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कही। गुरुवार को मेकॉन कम्युनिटी हॉल में आयोजित झारखंड कल्चरल फेस्टिवल कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सभ्यता व संस्कृति की पाठ पढ़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि करमा पर्व के भी तीन गौरव हैं। पहला, प्रकृति से प्यार करो, उससे नफरत मत करो। दूसरा, आदमी का जीवन मूल्य वाला होना चाहिए। तीसरा, सत्य का साथ दो। दुनिया में प्यार सबसे अहम चीज है। कहा, हमारे संगत में कोई आए और असभ्य हो जाए, ऐसा हो ही नहीं सकता। वासना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वेलेंटाइन डे से वासना भड़कती है, जबकि घर के अंदर राधा-कृष्ण के प्रेम से वासना शांत होती है। प्रेम को विश्व का सबसे बड़ा सद्गुण माना गया है। जो माफी मांगना जानता है, वह दुनिया का सबसे ताकतवर व्यक्ति होता है। सिर्फ ईश्वर ही हमें माफ करता है। माफ करना तो ईश्वरीय गुण है। जो स्वयं खुश रहे और दूसरों को भी खुशियां बांटे, वही दुनिया का सबसे ताकतवर आदमी है। शैतान खुद भी टेंशन में रहता है और दूसरों को भी टेंशन ही देता है। यदि हम भारत से प्रेम करते हैं तो हम सभ्य हैं। उन्होंने कहा कि संगीत संस्कृति है। जो आपको प्यार करना सीखाए वही कल्चरल प्रोग्राम है। संस्कृति से देश प्रेम जागृत होता है। संस्कृति आदमी के अंदर सुप्रीम सेक्रिफाइस को जन्म देता है। तभी तो करमा मिंट्टी से मोहब्बत पैदा करती है। जनजातियों के पास जो संस्कृति है वह कहीं नहीं है। हमें इसका सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर युवा कलाकारों ने मां तुझे सलाम, वंदे मातरम की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। जबकि सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल एंड हॉस्पीटल रिसर्च की युवतियों ने केरल के बाढ़ पीड़ितों के प्रति नृत्य के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। मोमेंटो प्रदान कर किया गया सम्मानित
झारखंड कल्चरल फेस्टिवल में आए आगंतुकों को आरएसएस के इंद्रेश कुमार ने सम्मानित किया। मौके पर आरएसएस के प्रांत प्रचारक रविशंकर, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष जॉर्ज कुरियन, केरल के डीजीपी जेकॉब थॉमस, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष शाहिद अख्तर, मेयर आशा लकड़ा समेत कई उपस्थित थे।
------
केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 1.14 लाख का चैक सौंपा
झारखंड कल्चरल फेस्टिवल में केरल के बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल एंड हॉस्पीटल रिसर्च प्रबंधन ने इंद्रेश कुमार को 1,14,005 रुपये का चेक सौंपा।