विपक्षी राजनीति पर भाजपा साधेगी निशाना, बनेगी ये रणनीति
कार्यसमिति में विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर निशाना साधा जाएगा और तथ्यों और तर्कों के आधार पर विपक्ष को बेनकाब करने की रणनीति पर मंथन होगा।
रांची, आनंद मिश्र। निर्धारित समय से कुछ विलंब पर हो रही भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के एजेंडे और टास्क तकरीबन वहीं होंगे जो पिछली कार्यसमिति के थे। अंतर बस इतना होगा कि मिशन 2019 की तैयारियों को लेकर स्वर थोड़े तीखे होंगे और टास्क की मियाद छोटी। राष्ट्रीय कार्यसमिति में लिए गए निर्णयों पर अमल की रणनीति बनेगी। अजेय भारत, अटल भाजपा के नारे को पार्टी बुलंद करेगी। 15 सितंबर को होने वाली कार्यसमिति बैठक के एजेंडे को मूर्त रूप शुक्रवार को होने वाली प्रदेश पदाधिकारी और कोर कमेटी की बैठक में ही दिया जाएगा।
कार्यसमिति में विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर निशाना साधा जाएगा और तथ्यों और तर्कों के आधार पर विपक्ष को बेनकाब करने की रणनीति पर मंथन होगा। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां, पेश होने वाले राजनीतिक प्रस्ताव के केंद्र में रहेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की जाएगी कि इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। झारखंड का गठन करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान और उनकी झारखंड से जुड़ी यादों को तो याद किया ही जाएगा। भावी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों को जवाबदेही भी सौंपी जाएगी।
तलब की जाएगी अमित शाह के टास्क पर रिपोर्ट
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा प्रदेश इकाई को सौंपे गए टास्क पर प्रदेश भाजपा रिपोर्ट तलब करेगी। संगठन महामंत्री धर्मपाल इस बाबत रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकते हैं। प्रदेश संगठन ने बूथ स्तर पर मजबूती के लिए शाह के टास्क को पूरा करने के लिए सितंबर तक की मियाद तय की है। भाजपा ने अपने संगठन का विस्तार 25 हजार बूथों तक कर लिया है जबकि राज्य में कुल बूथों की संख्या 29500 है।
बांग्लादेशी घुसपैठियों का उठेगा मामला
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मामला अक्सर उठता रहा है। इस बार भी कार्यसमिति इसे उठाते हुए झारखंड में भी असम की तर्ज पर एनआरसी की जरूरत की मांग कर सकती है। राजमहल विधायक सह भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा इसकी मांग लंबे समय से करते रहे हैं। विधानसभा के मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भी उन्होंने यह मामला उठाते हुए असम की तर्ज पर झारखंड में भी एनआरसी की वकालत की थी। उन्होंने घुसपैठ से साहिबगंज और पाकुड़ में पैदा हो रही क्षेत्रीय असंतुलन की स्थिति का विशेष तौर पर जिक्र किया था।
धर्म बदलने वालों को आरक्षण के लाभ से किया जाए वंचित
धर्म बदलने वालों को आरक्षण के लाभ से वंचित किए जाने से जुड़े मसले को भाजपा अपने राजनीतिक प्रस्ताव में जगह दे सकती है। पार्टी के वरिष्ठ आदिवासी नेता इसे लेकर मुखर हैं और मुख्यमंत्री रघुवर दास को पूर्व में इस बाबत ज्ञापन सौंप चुके हैं। इस बार वे बकायदा पार्टी के सबसे बड़े फोरम पर इसे उठाने की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व में पलामू कार्यसमिति की बैठक में भाजपा ने धर्मातरण का मुद्दा उठाया था जो बाद में कानून बना।
पहले प्रधानमंत्री का संबोधन, फिर सफाई अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम स्वच्छता ही सेवा को लेकर होने वाले संबोधन का सीधा प्रसारण कार्यसमिति बैठक में किया जाएगा। सुबह 9.30 बजे पीएम के संबोधन का सीधा प्रसारण होगा। उसके बाद एक घंटे तक मुख्यमंत्री से लेकर सरकार के तमाम मंत्री, पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य स्वच्छता अभियान चलाएंगे। स्वच्छता अभियान के बाद ही विधिवत कार्यसमिति बैठक शुरू होगी।
इन भावी कार्यक्रमों को ले सौंपी जाएगी जवाबदेही
- 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान।
- 16 सितंबर को पूर्व प्रधामंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की याद में सभी विधानसभा क्षेत्रों में काव्यांजलि पाठ। - 17 से 25 सितंबर तक सेवा दिवस, पीएम के जीवन पर बनी फिल्म भी दिखाई जाएगी।
- 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड से देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत का शुभारंभ करेंगे। इस बाबत कार्यकर्ताओं को जवाबदेही सौंपी जाएगी।