श्याम मंडल का 51 वां वार्षिकोत्सव आज से
श्याम मंडल का 51वां वार्षिकोत्सव धूम-धाम से मनाया जाएगा। इस अवसर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, रांची
रांची महानगर की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल का 51 वां चार दिवसीय श्री श्याम महोत्सव आज से शुरू हो रहा है। मुख्य आयोजन अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में होगा। बुधवार को कार्यक्रम की जानकरी देते हुए अध्यक्ष सुरेश चंद्र पोद्दार ने बताया कि दो माह से मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता लगे हुए हैं। इस अवसर पर रांची के बाहर से बड़ी संख्या में श्याम भक्त आएंगे। मंडल के आदि गुरुदेव पं. काशीराम जी शर्मा (हिसार) के जेष्ठ पुत्र कुलभूषण शर्मा भी आएंगे। कई प्रसिद्ध भजन गायक व भजन मंडलियां कार्यक्रम में आ रही हैं। जयपुर से मनीष गर्ग व मयंक अग्रवाल प्रमुख हैं। इस अवसर पर मंडल द्वारा निरंतर प्रकाशित भजन पुस्तिका प्रेम पुष्प के 51 वें अंक का विमोचन झारखंड के महाधिवक्ता अजीत कुमार करेंगे।
आज का कार्यक्रम : नर-नारयण सेवा का शुभारंभ मंडल के सदस्य नर-नारायण सेवा के साथ करेंगे। मंडल के लगभग 100 सदस्य बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों का सम्मान करेंगे व आदर सहित भोजन कराएंगे। बरियातू स्थित करुणा सदन में छोटे बच्चों को दूध, फल आदि भेंट करेंगे। इसके अलावा आवासीय विद्यालय में बच्चों को भोजन एवं दिव्यांग जनों की सेवा करेंगे।
कल निकलेगी शोभायात्रा
शुक्रवार को श्री श्याम मंदिर से श्री श्याम प्रभु की विराट शोभयात्रा निकाली जाएगी । शोभायात्रा में कृष्ण लीला पर आधारित झाकियां होंगी। बैंड बाजा व तासा शोभायात्रा में शामिल होंगे। भगवान के जयकारों के बैनर व धार्मिक पताकाएं धारण कर सैकड़ों भक्त शोभायात्रा के साथ चलेंगे। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण दिव्य रथ पर विराजमान श्री श्याम प्रभु का विराट स्वरूप होगा। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मागरें का भ्रमण करते हुए श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी । शनिवार को श्रृंगार
श्री श्याम प्रभु के दिव्य शीश, बजरंगबली व शिव परिवार का रजत श्रृंगार होगा। रात्रि नौ बजे मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ होगा। मुख्य अतिथि अजित कुमार भजन पुस्तिका का लोकार्पण करेंगें। रात्रि 10 बजे श्री श्याम प्रभु की अष्ट प्रहर की दिव्य ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ ही देश के प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा संगीतमय संकीर्तन होगा। कोलकाता, गुमला, पलामू के श्याम मित्र मंडल के भजन गायक भी भाग लेंगे।
सुंदरकांड का होगा पाठ
रविवार को अष्ट प्रहर का संकीर्तन जारी रहेगा। प्रात: 251 महिलाएं सस्वर सुंदर कांड का वाचन करेंगी । दोपहर में श्री श्याम प्रभु को सवामनी का भोग अर्पित किया जाएगा। पूरे दिन श्री श्याम प्रभु के विराट दर्शन किए जा सकेंगे। रात्रि 10 बजे महाआरती के साथ 51 वें श्री श्याम मोहत्सव का समापन होगा। प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष मनोज सिंघानिया, मंत्री चंद्र प्रकाश बागला, संरक्षक गोपी किशन ढांढनिया, उप मंत्री धीरज बंका आदि उपस्थित थे।