रफ्तार पर लगाम कसने के लिए रांची की सड़कों पर उतरा इंटरसेप्टर
रांची में डीएसपी स्तर के एक पदाधिकारी की देखरेख में इंटरसेप्टर दौड़ने लगा है। यह राजधानी में रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम लगाएगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। राजधानी में रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए झारखंड पुलिस का इंटरसेप्टर सड़कों पर उतर चुका है। मंगलवार को ट्रायल के तौर पर राजधानी की सड़कों पर यह इंटरसेप्टर घूमते हुए नजर आया। हालांकि अभी इसका विधिवत शुभारंभ नहीं हुआ है, लेकिन रांची में डीएसपी स्तर के एक पदाधिकारी की देखरेख में यह इंटरसेप्टर दौड़ने लगा है। गौरतलब है कि राची शहर के लिए पुलिस को दो इंटरसेप्टर गाड़िया मिली हैं, जिनमें एक हाइवे पर व दूसरी गाड़ी शहर की प्रमुख सड़कों पर बेलगाम रफ्तार से यातायात नियमों को तोड़ने और दूसरों की जान खतरे में डालने वाले लोगों पर नकेल कसेगी।
जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस ने पहले फेज में कुल छह इंटरसेप्टर गाड़ियां (अर्टिगा) उतारने का फैसला लिया है। इनमें से दो गाड़ियां राची के लिए जबकि एक-एक गाड़ी जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग व बोकारो के लिए है। अर्टिगा कार पर अत्याधुनिक कैमरे लगे हुए हैं, जो निर्धारित रफ्तार तोड़ने वाली गाड़ियों को पकड़ेंगे व उनका चालान काटेंगे। पुलिस इन गाड़ियों के मिलने के बाद संभावना जता रही है कि अब इनके खौफ से वाहन चालक संतुलित रफ्तार में अपनी गाड़ियां चलाएंगे, जिससे राजधानी समेत झारखंड की सड़कों पर अक्सर होने वाली भीषण दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।
सड़कों पर चलने के लिए स्पीड निर्धारण भी शीघ्र : रांची के एसपी यातायात संजय रंजन सिंह ने बताया कि इंटरसेप्टर मशीन को समझने में थोड़ा वक्त लगेगा। ट्रायल के तौर पर अभी सड़क पर इसे उतारा गया है। जिन सड़कों के लिए स्पीड लिमिट निर्धारित नहीं है, उनका निर्धारण भी शीघ्र हो जाएगा। इसका प्रयास किया जा रहा है।