राज्यपाल ने मांगी पांचवें-छठे वेतनमान से वंचित विविकर्मियों की सूची
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पंचम और छठे वेतनमान से वंचित विश्वविद्यालय कर्मचारियों की सूची सौंपने का निर्देश दिया है।
रांची, जासं। राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने पंचम और छठे वेतनमान से वंचित विश्वविद्यालय कर्मचारियों की सूची तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। राज्यपाल गुरुवार को झारखंड राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रही थीं।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने बताया था कि सभी कर्मचारियों के वेतनमान का निर्धारण कर लिया गया है। वहीं महासंघ ने बताया कि काफी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं, जिनका वेतन निर्धारण नहीं हुआ है। कर्मचारियों को एसीपी का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर राज्यपाल ने कहा कि एसीपी का लाभ देने के संबंध में विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है।
प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के अध्यक्ष अनिल कुमार, महामंत्री सुदर्शन पाडेय, उपाध्यक्ष योगेंद्र राम, राजेश राम, संजीत पासवान, रितेश कुमार थे।
आरएसएस ने कहा-गो तस्करी परनहीं बनाई है कोई रिपोर्ट
गो तस्करी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कोई रिपोर्ट नहीं बनाई है। आरएसएस के सह प्रांत प्रचार प्रमुख संजय आजाद ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि इस संबंध में एक स्थानीय दैनिक (दैनिक जागरण नहीं) में छपी खबर पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।
इस संबंध में संघ ने जब कोई रिपोर्ट ही नहीं बनाई है तो भेजने का सवाल ही नहीं है। संघ इस रिपोर्ट की पूरी तरह खंडन करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबर छापने से पहले संघ के विचार को भी जानने का प्रयास किया जाना चाहिए। प्रचार प्रमुख ने संघ के हवाले से कोई खबर प्रकाशित करने के पहले पक्ष जानने को अपेक्षित बताया। उन्होंने कहा कि संघ का नाम किसी सूरत में खराब नहीं किया जाना चाहिए।