बढ़ई मोहल्ला में विधायक लापता, घरों की दीवार पर लगे पोस्टर
जागरण संवाददाता, रांची : वार्ड-34 स्थित हरमू के बढ़ई मोहल्ला व यमुना नगर में जलजमाव पर राजनीति तेज
जागरण संवाददाता, रांची : वार्ड-34 स्थित हरमू के बढ़ई मोहल्ला व यमुना नगर में जलजमाव पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के बाद अब झारखंड विकास मोर्चा ने जलजमाव के खिलाफ राजनीति शुरू कर दी है। कई मकानों की दीवार पर विधायक के लापता होने से संबंधित पोस्टर भी चिपका दिए गए हैं। पोस्टर पर लिखा है, जनता जलजमाव एवम डेंगू मलेरिया से बीमार, विधायक लापता। इससे पूर्व 2017 में भी इस क्षेत्र में जलजमाव के बाद अज्ञात लोगों ने विधायक के लापता होने का पोस्टर चिपका दिया था। लापता होने की सूचना मिलते ही विधायक बौखला उठे थे। दूसरे ही दिन वे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बढ़ई मोहल्ला में हाजिर हुए थे। विधायक की पहल पर जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाली निर्माण कराने की घोषणा भी की गई थी। नगर निगम की टीम ने नाली निर्माण कार्य के लिए मापी भी की थी। टेंडर प्रक्रिया पूरा करने के बाद 1200 फीट नाली निर्माण का कार्य भी शुरू हुआ। हालांकि बारिश शुरू होते ही ठेकेदार ने नाली निर्माण का काम बंद करा दिया। फिलहाल 100-200 फीट नाली निर्माण का कार्य ही पूरा हो पाया है।
-------
48 घंटे में जलजमाव की समस्या का करें समाधान
झाविमो के केंद्रीय सचिव ने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र भ्रमण के बाद कहा कि हटिया विधायक लापता हैं, इसका पोस्टर पूरे इलाके में पटा हुआ है। सरकार व विधायक को आम जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। कहा, 48 घंटे के अंदर जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सरकार व हटिया विधायक के विरोध में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों के घरों में भी पानी भर गया है। लोग जलजमाव से परेशान हैं। पूरे क्षेत्र में चिकनगुनिया, डेंगू व मलेरिया से लोग परेशान हैं। दूसरी ओर राज्य के मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री चीन की सैर कर रहे हैं। इस अवसर पर आशीष कुमार, सूरज कुमार, भीम सिंह, दीपू गाड़ी, साजिद उमर समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।