पांच लाख में दिल्ली में बेची गई मांडर की युवती
रांची के मांडर इलाके की रहने वाली 19 वर्षीय युवती को मानव तस्करों ने दिल्ली में बेच दिया।
रांची, जागरण संवाददाता। मांडर की रहने वाली 19 वर्षीय युवती को मानव तस्करों ने पांच लाख रुपये में दिल्ली में बेच दिया था। दिल्ली से वापस लौटकर युवती ने मांडर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके साथ काम करने वाले सतीश ने चॉकलेट, बाल्टी फैक्ट्री में काम दिलाने के नाम पर रातू के दलादिली चौक बुलाया। इसके बाद उसे हटिया रेलवे स्टेशन ले गया। वहां से ट्रेन बैठाकर दिल्ली भेज दिया। साथ में एक अन्य युवक व युवती को भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद एक ऑफिस में पहुंचा दिया। वहां बंद कर झाड़ू पोछा का काम करवाया गया। काम नहीं करने पर प्रताड़ित किया जाता था।
घर जाने की बात कहने पर वहां एक महिला ने उसे पांच लाख रुपये में खरीदने की बात बताई। वहां उससे मारपीट की जाती थी। एक बार धक्का देकर गिरा दिया गया था। इससे हाथ टूट गया था। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भाग गई।
भाग कर रांची पहुंची तो अब उसे दिल्ली में बेचने वाला युवक सतीश धमकी दे रहा है। युवती को बेचने में मानव तस्कर पन्नालाल का भी नाम सामने आ रहा है। उसी के एजेंटों ने युवती को बेचा था। पुलिस इसका सत्यापन कर रही है।
रांची से छग जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त : रांची से छत्तीसगढ़ जा रही गौरव बस रांची- गुमला पथ पर भरनो प्रखंड के पलमा डीपा के समीप मंगलवार की रात खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे गुमला जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सहित कोई डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
घायलों में 30 वर्षीय चमरा उरांव, सिसई थाना के कर्मी योगेन्द्र प्रसाद, भरनो निवासी अफरोज आलम, छत्तीसगढ़ के जशपुर निवासी राम कुमार भुवई, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि रामनिवास प्रसाद आदि शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद पुलिस और आस पास के लोग वहां पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भरनो में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल चमरा उरांव, योगेन्द्र प्रसाद, अफरोज आलम, राम कुमार भुवई को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज भरनो में ही किया जा रहा है।