11वीं के छात्र ने की आत्महत्या, तो प्रेम प्रसंग में युवती ने दी जान
छात्र और छात्रा की अलग-अलग मामलों में आत्महत्या से लोग सकते में हैं
जागरण संवाददाता, रांची : लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित डंगरा टोली में मिडिल गली में 11वीं के छात्र कृष्णा सुगंध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं कांके थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर में रहने वाली एक छात्राने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
19 वर्षीय छात्र साहेबगंज के मिर्जा चौकी का रहने वाला था। कृष्णा के पिता उमा शंकर सिंह शिक्षक है। घटना मंगलवार देर शाम की है। कृष्णा साहेबगंज में प्लस टू उच्च स्कूल से पढ़ाई कर रहा था। 1 सितंबर को साहेबगंज से रांची आया था। रूम पार्टनर चचेरे भाई तरूण कुमार सिंह ने देखा, तो मामले की जानकारी रिश्तेदारों को दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कृष्णा के रूम पार्टनर से पूरे मामले में पूछताछ की। कृष्णा के पिता साहेबगंज से रांची के लिए रवाना हो चुके है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
::::::::::::::::::
देर रात कृष्णा को घर में छोड़कर गया था दोस्त के घर
मृतक कृष्णा के भाई तरूण ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद दोस्त के घर स्थित कांटाटोली गया था। मंगलवार की शाम अंतिम बार शाम करीब पांच बजे बातचीत किया। रात करीब साढ़े आठ बजे कृष्णा को फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। डंगरा टोली स्थित घर पहुंचने पर देखा कि दरवाजा बंद है। बगल खिड़की से कमरे के अंदर झांका, तो कृष्णा पंखे के सहारे गमछा से झूल रहा था। इसके बाद मामले की जानकारी रिश्तेदार और पुलिस को दिया है।
प्रेम-प्रसंग में धोखा मिला, तो छात्रा ने की आत्महत्या
रांची : कांके थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर में रहने वाली छात्रा निकिता प्रेरणा खलखो ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह जेवियर पॉलिटेक्निक कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी। घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की है। छात्रा रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली, तो मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि छात्रा का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि, अब तक युवक के नाम का खुलासा नहीं हो सका है। इधर, कांके थाना प्रभारी राजीव रंजन ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। युवक के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है। शव को रिम्स पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।