सिर्फ आंकड़ों में विकास, धरातल पर कुछ नहीं : आलमगीर
भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक वापस नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन, सदन चलाना सरकार का काम कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने विधानसभा की कार्यवाही चलाने की जिम्मेवारी सत्तापक्ष पर डाली है।
By Edited By: Published: Mon, 16 Jul 2018 08:26 AM (IST)Updated: Mon, 16 Jul 2018 08:26 AM (IST)
भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक वापस नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन, सदन चलाना सरकार का काम राज्य ब्यूरो, रांची : कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम विधानसभा की कार्यवाही चलाने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा है कि सदन चलाना सरकार का काम है। पार्टी दफ्तर में संवाददाता, सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ध्यान रखा जाना चाहिए कि केवल सरकार के कामों के लिए सदन नहीं चले। सदन में जो निर्णय हो, वह आम जनता के हित में हो। तभी सदन का चलना सार्थक होगा। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कथनी-करनी में अंतर बताया। बोले, सिर्फ आंकड़ों में विकास हो रहा है। धरातल पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने जिक्र किया कि बिना चर्चा के विधानसभा में सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन, भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक पारित कराया गया। जबकि इसे ध्वनिमत से पारित करने के पहले चर्चा कराना चाहिए था। सरकार अपना पक्ष रखकर सभी को विधेयक के फायदे बता पाती तो आज यह नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि अगर भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक वापस नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। आरोप लगाया कि सदन के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। प्रश्नों का उत्तर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार का काम केवल आंकड़ों में है, धरातल पर नहीं है। सदन सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों से जुड़े मसलों की लगातार अनदेखी हो रही है। यह सरासर गलत है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोरनाथ शाहदेव, आलोक कुमार दुबे, डा. राजेश कुमार गुप्ता उपस्थित थे। ----
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें