सिल्ली व गोमिया में अहंकार की हार : हेमंत
रांची : गोमिया व सिल्ली विधानसभा उपचुनाव में जीत से उत्साहित नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। आननफानन में बुलाए गए प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि उपचुनाव में विपक्ष ने मजबूत किलेबंदी करते हुए राजनीतिक पारी खेली है। इसकी लपटें दिल्ली तक जाएगी। विपक्ष ने बड़े संघर्ष की तैयारी कर ली है। उपचुनाव में लोकतंत्र जीता और षड़यंत्र हारा है। सहनशीलता जीती है और अहंकार हारा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निकम्मेपन और भ्रष्टाचार में अव्वल है जिसे जनता ने नकार दिया। उपचुनाव में सरकार के अहंकार की हार हुई है। सीएम रघुवर दास को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा व आजसू षड़यंत्र के तहत इस उपचुनाव में उतरी थी लेकिन जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है। सिल्ली में सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं को भ्रमित किया गया। पैसे का भी खेल चला। जेसीबी, स्कार्पियो व बुलेट तक बांटी गई। उसके बाद भी उपचुनाव में झामुमो की जीत सरकार के गाल पर करारा तमाचा है। हेमंत ने कहा कि किसानों, युवाओं व महिलाओं की सुरक्षा व झारखंड में सरकार को हटाने तक संघर्ष जारी रहेगा। जीत के लिए हेमंत ने सभी विपक्षी पार्टियों को बधाई दी।
2019 की संभावनाओं के सवाल पर हेमंत सोरेन ने कहा कि जीत के बाद धुंधली ही सही एक लकीर जरूर दिख रही है। आने वाले समय में यह लकीर एक बेहतर रास्ते का इशारा है।
----
उपचुनाव में चला धन का खेल : सुखदेव भगत
विपक्ष की एकता से सिल्ली और गोमियो में जीत दर्ज करने पर सुखदेव भगत ने कहा कि इस उपचुनाव में धनबल का खेल चला है। पीएम मन की बात करते हैं, अमित शाह धन की बात करते हैं। सरकार की जनविरोधी नीति का जवाब जनता ने दिया है। उन्होंने संभावना जताई कि झामुमो के साथ आगामी चुनाव में भी विजयी होंगे। उन्होंने सीएम रघुवर दास को राजनीतिक संस्कार की याद दिलाते हुए कहा कि सीएम द्वारा शब्दों का प्रयोग निंदनीय है। चाल, चरित्र की बात करने वाली भाजपा को जनता ने करारा जवाब दिया है। इस दौरान विजय हांसदा व विनोद पांडेय मौजूद रहे।
---------