समग्र शिक्षा अभियान के लिए 1450 करोड़ का बजट स्वीकृत
रांची : सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान तथा शिक्षक प्रशिक्षण योजना को समाि
रांची : सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान तथा शिक्षक प्रशिक्षण योजना को समाहित कर लागू किए जानेवाले समग्र शिक्षा अभियान के तहत चालू वित्तीय वर्ष के लिए लगभग 1,450 करोड़ रुपये की बजट की स्वीकृति गुरुवार को मिल गई। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के प्रोग्राम एप्रूवल बोर्ड (पैब) की दिल्ली में हुई बैठक में इसपर स्वीकृति मिली। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह, अपर सचिव शैलेश कुमार चौरसिया व अन्य अधिकारी इस बैठक में शामिल हुए।
इस अभियान के तहत दो सौ से अधिक कंपोजिट स्कूलों की स्थापना की स्वीकृति मिली। इन स्कूलों में केजी से बारहवीं तक की पढ़ाई होगी। इनके अलावा गढ़वा तथा कोडरमा में बालिकाओं के लिए आवासीय स्कूल की भी स्वीकृति मिली। इनके अलावा नए स्कूलों के भवन निर्माण, जिला स्कूलों के जीर्णोद्धार, स्कूलों के अपग्रेडेशन के अलावा पाठ्य पुस्तक, ड्रेस, स्कूल किट, शिक्षकों के वेतन के लिए राशि की भी स्वीकृति मिली है।
12वीं तक के लिए केंद्र देगा राशि
इस अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अब 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए भी राशि के प्रावधान किए जाएंगे। पहले सर्व शिक्षा अभियान के तहत केंद्र दसवीं तक के लिए ही पढ़ाई के लिए राशि देता था। मैट्रिक के बाद की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार उठाती थी।
इन योजनाओं की भी स्वीकृति
- आइसीटी योजना के तहत 450 स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा।
- 450 स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा।
- शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए राशि।
- जेएससीईआरटी व डायटों का सुदृढ़ीकरण।
रूसा-2 के बजट पर आज मिलेगी स्वीकृति
राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा-2) के तहत चालू वित्तीय वर्ष के बजट की स्वीकृति शुक्रवार को मिलेगी। इधर, इस बजट की स्वीकृति के लिए गुरुवार को रांची में झारखंड उच्च शिक्षा परिषद की बैठक हुई। इसमें रूसा-2 के सारे कंपोनेंट पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसे शुक्रवार को दिल्ली में होनेवाली पैब की बैठक में शामिल किया जाएगा। उच्च, तकनीकी शिक्षा सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च शिक्षा परिषद की बैठक में रूसा के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. शंभू दयाल सिंह के अलावा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए।