हैंडबॉल प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस ने जीता गोल्ड, सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध प्रयास कर रही है।
रांची, जेएनएन। राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली झारखंड पुलिस की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी प्रकार जीत बरकरार रखते हुए झारखण्ड पुलिस राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखेगी।
मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध प्रयास कर रही है। झारखण्ड की धरती प्राकृतिक खनिज की रत्नगर्भा तो है ही, इस धरती में खेल रत्नों की भी अपार संख्या है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार किया गया है।
गौरतलब है कि रांची खेलगांव में हुई 66वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता में हैंडबॉल इवेंट में झारखंड पुलिस की टीम ने सीआरपीएस को 29-19 से हराकर यह प्रतियोगिता जीती है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में झारखंड या पूर्व में बिहार की पुलिस टीम हो, पहली बार यह प्रतियोगिता जीती है। इस प्रतियोगिता में देशभर की राज्य पुलिस तथा पारा मिलिट्री फोर्स की 36 टीमों ने भाग लिया था। इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में योग की प्रतिस्पर्धा में झारखण्ड पुलिस की टीम ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, एडीजी जैप रेजी डुंगडुंग, डीआइजी जैप सुधीर झा, सीओ, जैप, कुसुम पुनिया, सीओ जैप 10 संध्या रानी मेहता समेत विजयी टीम के खिलाड़ी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: रघुवर सरकार की कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों पर लगी मुहर