काबुल से दिल्ली पहुंचे झारखंड के बबलू ने सुनाई आपबीती, कहा- हालात डरावने, 10 मिनट की दूरी तय करने में लगे 20 घंटे; पढ़ें पूरी रिपोर्ट
रांची के रहने वाले अशफाक अहमद और बोकारो के बबलू कुमार काबुल से दिल्ली पहुंच गए हैं। हिंडन एयरपोर्ट पर थोड़ी देर पहले एयरफोर्स के विमान की लैंडिंग हुई है। एयरफोर्स का विमान सी-17 168 लोगों को लेकर काबुल से दिल्ली पहुंचा।
रांची, जासं । चार दिनों से नहाया नहीं। जो कपड़े पहने थे, उसे भी बदल नहीं सका। अफगानिस्तान में स्थितियां इतनी खराब हैं कि ब्यां करना मुश्किल है। काबुल से दिल्ली पहुंचे बोकारो के रहनेवाले बबूल कुमार ने आंखो-देखी वहां के हालात के बारे में बताया। बबलू ने फोन पर बताया कि जिस होटल में उन्हें ठहराया गया था, वहां से काबुल एयरपोर्ट की दूरी महज 10 मिनट की है। लेकिन चार दिनों तक इंतजार करना पड़ा। यही नहीं, बस में कल ही बिठाया दिया गया था। लेकिन 10 मिनट की दूरी तय करने में 20 घंटे लग गए। 20 घंटे बस में ही बैठे रहना पड़ा। बस से बाहर भी नहीं निकल सकते थे। रह-रहकर तालिबान के लड़ाके फायरिंग कर रहे थे।
बबलू आज एयर एशिया के विमान से शाम 5.30 बजे रांची पहुंचेंगे। दिल्ली से 3.40 में उनकी फ्लाइट है। झरखंड के रहनेवाले बबलू समेत तीन लोग काबुल से दिल्ली पहुंचे हैं। रांची के रहने वाले अशफाक अहमद भी काबुल से रांची पहुंचे। हालांकि अशफाक रांची किस फ्लाइट से आ रहे हैं इसकी जानकारी नहीं है। इससे पूर्व हिंडन एयरपोर्ट पर एयरफोर्स का विमान सी-17 168 लोगों को लेकर काबुल से दिल्ली पहुंचा। दिल्ली पहुंचने वालों में झारखंड के कुल 3 व्यक्ति शामिल हैं। इनमें रांची और बोकारो के 1-1व्यक्ति का नाम पता चल सका है। जबकि तीसरे के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। दिल्ली आने पर एयरबेस पर बबलू कुमार के डॉक्यूमेंट की वेरिफिकेशन की गई।