आज 12 लाख किसानों के खाते में जाएगी कृषि आशीर्वाद योजना की राशि Ranchi News
Jharkhand. मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की प्रथम किस्त के रूप में करीब 400 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। राज्यभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास चाईबासा में रहेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत करीब 12 लाख किसानों के खाते में शुक्रवार को सीधे राशि ट्रांसफर की जा रही है। इस मौके को खास अवसर में तब्दील करने के लिए कृषि विभाग ने राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास स्वयं चाईबासा में आयोजित समारोह में शिरकत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 12 लाख किसानों के खाते में करीब 400 करोड़ की राशि प्रथम किस्त के रूप में भेजी जा रही है।
बता दें कि गत 10 अगस्त को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया था। उस समारोह में राज्य के 13.60 लाख किसानों के खाते में प्रथम किश्त के रूप में 442 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई थी। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 12 लाख से अधिक किसानों के खाते में राशि भेजने की व्यवस्था की जा रही है। राज्य सरकार ने 35 लाख किसानों के खाते में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की राशि भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शुक्रवार को यह आंकड़ा 26 लाख के करीब पहुंच जाएगा।
मुंडारी और खूंटकट्टी के जोतदारों को भी मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ अब मुंडारी और खूंटकट्टी के तहत जोत करने वाले किसानों को भी मिलेगा। राज्य कैबिनेट के निर्णय के बाद कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग ने इस बाबत संकल्प प्रकाशित कर दिया है।
किसानों को प्रति एकड़ पांच हजार रुपये दे रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत राज्य सरकार प्रति एकड़ किसानों को दो किश्तों में पांच हजार रुपये की राशि मुहैया करा रही है। यह अधिकतम पांच एकड़ तक के लिए होगी। स्पष्ट है कि एक एकड़ या उससे कम कृषि भूमि रखने वाले किसानों को पांच हजार की राशि दो किश्तों में दी जा रही है जबकि पांच एकड़ का कृषि रकबा रखने वाले किसानों के खाते में अधिकतम 25 हजार रुपये दो किश्तों में भेजे जा रहे हैं।