Move to Jagran APP

हत्या के शक में 11 दिनों बाद कब्र से निकाली लाश, कराया पोस्टमार्टम

रांची रांची के बड़ागाई कब्रिस्तान में दफनाए गए शव को रविवार को 11 दिनों के बाद शव निकाला गया।

By JagranEdited By: Published: Mon, 22 Apr 2019 04:56 AM (IST)Updated: Mon, 22 Apr 2019 06:33 AM (IST)
हत्या के शक में 11 दिनों बाद कब्र से निकाली लाश, कराया पोस्टमार्टम
हत्या के शक में 11 दिनों बाद कब्र से निकाली लाश, कराया पोस्टमार्टम

जागरण संवाददाता, रांची : रांची के बड़ागाई कब्रिस्तान में दफनाए गए शव को रविवार को 11 दिनों बाद कब्र से निकाला गया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने शव का रिम्स में पोस्टमार्टम करवाया। फिर, उसी कब्र में शव को दोबारा दफना दिया गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार शव गल चुका है, इस वजह से बाहरी कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। हालांकि विसरा को सुरक्षित रखवा दिया गया है, इसे जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। विसरा की रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।

prime article banner

दरअसल बीते 11 अप्रैल को बड़ागाई निवासी मो. अनवारूल (48 वर्ष) की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई थी। इसपर पत्‍‌नी शम्मा परवीन उर्फ अंजली अंजना हांसदा उर्फ पुतुल ने हत्या का संदेह जाहिर करते हुए एसएसपी अनीश गुप्ता से जांच की गुहार लगाई। बोली उनके पति की सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या कर दी गई है। अनवारूल की मौत हादसा है, या हत्या पुलिस इसका पता लगाए। एसएसपी ने इसपर संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच का आदेश दिया और एसडीओ को मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के लिए पत्र लिखा गया। शव को निकलवाने के लिए बतौर मजिस्ट्रेट बड़ागाई सीओ शैलेश कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई। इसके बाद सदर थानेदार वेंकटेश कुमार ने शव को कब्रिस्तान से खोदकर वापस निकलवाया। इसके बाद रिम्स में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इससे पहले शव को अंतिम बार पत्‍‌नी ने भी देखा। परिजनों ने शव को फिर से उसी कब्र में फिर से दफना दिया गया है। मामले में सदर थाने में मृतक की पत्‍‌नी के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जमीन विवाद में हत्या का संदेह :

पत्‍‌नी के आरोपों के अनुसार उनका शक मृतक के भाइयों पर ही है। उन्होंने पुलिस को दी गई जानकारी में पैतृक जमीन विवाद के पहलू पर जांच की गुहार लगाई है। यह भी बताया है कि अनवारूल परिवार में सबसे बड़ा भाई था। छोटे भाई जमीन हड़पना चाहते थे। इसलिए हत्या के पीछे उनका हाथ हो सकता है। पत्‍‌नी ने कहा है कि जब उनके पति का शरीर गिरा पड़ा था, उस समय तीनों भाइयों को बुलवाई थी। इसके बाद डॉक्टर के पास भेजी थी। लेकिन सभी भाई अनदेखी कर रहे थे। फिर आनन-फानन में शव को दफना दिया गया था। इससे शक उनका गहराता गया। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। घर से सटे गलियारे में मिली थी लाश :

अनवारूल की लाश बीते 11 अप्रैल को संदेहास्पद परिस्थिति में उनके ही घर से सटे गलियारे में बाथरूम के सेप्टिक टैंक के पास से मिली थी। उनके मुंह से खून निकल रहा था। पेट लगातार फूल रहा था। बेटी ने पहले शव देखा था, इसके बाद पत्‍‌नी पहुंची थी। पत्‍‌नी के अनुसार सांसे चल रही थी। शरीर में लाल चिटियां लग रही थी। हाथ और पांव पर खरोंच के निशान थे। सीसीटीवी फुटेज कर दिया गया गायब :

अनवारूल की पत्‍‌नी के अनुसार उनके घर पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। सीसीटीवी कैमरे में 11 से 13 अप्रैल के सीसीटीवी फुटेज को गायब कर दिया गया है। पत्‍‌नी के अनुसार फुटेज को जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है। पत्‍‌नी थी दूसरे समुदाय की, घरवाले नहीं देते थे महत्व :

मृतक अनवारूल की पत्‍‌नी शम्मा परवीन उर्फ अंजली अंजना हांसदा उर्फ पुतुल दूसरे समुदाय की थी। करीब 14 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। यह दूसरी पत्‍‌नी है। पहली पत्‍‌नी के रहते दूसरी शादी की थी। पहली पत्‍‌नी की करीब पांच वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। वह खूंटी की रहने वाली थी। वहीं अनवारूल के पिता स्व. हाजी अब्दुल हक लारी ने भी दो शादी की थी। अनवारूल पहली पत्‍‌नी का बेटा है, उसका एक अन्य भाई भी है। दूसरी पत्‍‌नी से दो सौतेले भाई भी हैं। उठते सवाल :

-मौत के बाद पत्‍‌नी के कहने पर डॉक्टर के पास ले जाने के लिए भाई निकले थे। लेकिन डॉक्टर के पास नहीं ले गए।

-पेट फूलने के दौरान तुरंत बर्फ की दो बड़ी सिल्ली मंगवा ली गई थी। और मिट्टी से पहले तक बर्फ में रखा गया।

-11 से 13 अप्रैल तक की सीसीटीवी फुटेज है गायब।

-संदेहास्पद परिस्थिति में शव मिलने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी गई।

-घटना वाली रात डेढ़ बजे तक अनवारूल अपनी पत्‍‌नी के साथ थे। पत्‍‌नी के सोने के बाद गायब हुए, लाश गलियारे तक कैसे गई। चूंकि बिस्तर पर भी मौत हो सकती थी।

-------

'मृतक की पत्‍‌नी द्वारा संदेह जाहिर करने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में यूडी केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।'

अनीश गुप्ता, एसएसपी रांची।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK