कोरोना वायरस से निपटने के लिए झारखंड में 102 आइसोलेशन बेड तैयार
Jharkhand. झारखंड में अब तक चार संदिग्धों की जांच हुई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। बाहर से लौटे 69 लोगों की लगातार निगरानी के निर्देश।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्य तथा जिला सर्विलांस यूनिट को कंट्रोल रूम के रूप में स्थापित किया है। इसके लिए अभी तक रिम्स, अन्य पांच मेडिकल कॉलेजों व सभी जिला अस्पतालों में 102 आइसोलेशन बेड तैयार रखे गए हैं। सभी मेडिकल कॉलेजों व जिला अस्पतालों में कुल 998 पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्वीपमेंट तथा 301 एन-85 मास्क की व्यवस्था कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, झारखंड में बाहर से आनेवाले किसी भी व्यक्ति में जांच के बाद कोरोना वायरस होने की पुष्टि नहीं हुई है। झारखंड में अभी तक चार संदिग्धों की जांच की गई है। इनमें से दो जमशेदपुर तथा दो रांची के थे। इन चारों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
चीन व अन्य प्रभावित देशों से आए 19 यात्रियों को स्वास्थ्य की सतत निगरानी हेतु 28 दिनों तक अपने घर में ही पृथक देखभाल की सलाह दी गई है। वहीं चीन व प्रभावित अन्य देशों से आए कुल 69 यात्रियों की विभिन्न जिलों में कान्टैक्ट ट्रेसिंग व कम्युनिटी सर्विलांस की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस वायरस को लेकर लोगों से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।