Jharkhand: सितंबर-अक्टूबर में झारखंड में बनेंगे 10 लाख नए राशन कार्ड Ranchi News
Jharkhand News. मंत्री ने कहा कि झारखंड की आबादी बढ़कर 3.84 करोड़ हो गई है। ऐसे में सभी जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने को लेकर राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
रांची, राज्य ब्यूरो। खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा है कि झारखंड में सितंबर-अक्टूबर में नए राशन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिन लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन दिए हैं, सर्वे के बाद उन्हेंं भी राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए दस लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि झारखंड की आबादी 3.24 करोड़ से बढ़कर 3.84 करोड़ हो गई है। ऐसे में सभी जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने को लेकर राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
हालांकि, केंद्र सरकार का कहना है कि 2021 की जनगणना के अनुसार झारखंड को अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन झारखंड सरकार चाहती है कि आबादी बढऩे के बाद 14 प्रतिशत शेष लोगों को भी राशन मिले, जो अबतक इससे वंचित हैं। इससे पहले, रामेश्वर उरांव केंद्रीय वित्तमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई जीएसटी काउंसिल की 40वीं बैठक में भी शामिल हुए।
उन्होंने आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार की ओर से 470 करोड़ उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया। साथ ही केंद्र सरकार से तीन महीने के 1,776 करोड़ रुपये जीएसटी प्रतिपूर्ति बकाया शीघ्र राज्य सरकार को उपलब्ध कराने की मांग की। कहा कि, कोरोना के वर्तमान संकट में राज्य सरकार को तत्काल इस राशि की आवश्यकता है।