Coronavirus Update: लोहरदगा में आज मिले 11 नए कोरोना मरीज, जानें ताजा हाल
Jharkhand Corona News. सभी मरीज प्रवासी बताए जा रहे हैं। उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने इसकी पुष्टि की है। इसके पहले शनिवार को भी एक कोरोना मरीज मिला था।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा में विगत 24 घंटे के भीतर 12 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार की रात एक प्रवासी मजदूर कोरोना पॉजिटिव मिला। जबकि रविवार को 11 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही लोहरदगा जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 पहुंच गई है। इसकी पुष्टि उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने की है। संक्रमित सभी प्रवासी मजदूर हैं। एक साथ 24 घंटे के भीतर 12 नए कोराेना संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद लोहरदगा प्रशासन अलर्ट पर है।
शनिवार को संक्रमित पाया गया मरीज कुडू प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला है। प्रवासी मजदूर कर्नाटक के बंगलुरु से लोहरदगा आया था। इसके बाद उस मजदूर का सदर अस्पताल में जांच के लिए सैंपल लिया गया। उसे सरकारी क्वारंटाइन में भर्ती किया गया। जहां से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कुडू प्रखंड के चिरी स्थित कोविड केयर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
रविवार को संक्रमित पाए गए 11 मरीज भी प्रवासी मजदूर हैं। इसमें से कैरो प्रखंड से सबसे अधिक 7, कुडू प्रखंड से 2, सेन्हा प्रखंड से 1 और लोहरदगा प्रखंड क्षेत्र का एक मरीज बताया जा रहा है। एक महत्वपूर्ण बात सामने आ रही है कि कुडू प्रखंड क्षेत्र से संक्रमित पाए गए एक मरीज को विगत 4 जून को उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने की बात कह कर उसे घर भेज दिया गया था। रविवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उस मरीज को फिर से घर से लाकर कुडू स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में रखा गया है।
इसके अलावा संक्रमित अन्य मरीजों को भी कोविड-19 केयर सेंटर में रखा गया है। साथ ही प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री लेते हुए उसके संपर्क में आए लोगों को चिन्हित कर प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गया है। प्रवासी मजदूरों के साथ सरकारी क्वारंटाइन में रह रहे सभी लोगों का सैंपल लेकर फिर से जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही मजदूर के साथ आए सभी लोगों को प्रशासन चिन्हित करते हुए कार्रवाई में जुट गया है।
लोहरदगा में कोरोना जांच रिपोर्ट में फिर लापरवाही
लोहरदगा में कोरोना मरीज के जांच रिपोर्ट में लापरवाही का मामला फिर एक बार उजागर हुआ है। कुडू के रहने वाले मरीज को विगत 4 जून 2020 को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे सिस्टम क्वारंटाइन से छ़ुट्टी दे दी गई थी। रविवार को जब लोहरदगा प्रशासन को 11 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना मिली तो उसमें कुडू का वह मरीज भी शामिल था, जिसे घर भेजा जा चुका था। इसके बाद जिला प्रशासन के होश उड़ गए। अब जिला प्रशासन ने उस मरीज को उसके घर से उसे ला कर कुडू स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती कर दिया है।
इसके अलावे उसके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाने और प्रवासी मजदूर की ट्रैवल हिस्ट्री को खंगालने में जुट गई है। बताया जाता है कि कुडू का रहने वाला मजदूर विगत 24 मई 2020 को तमिलनाडु से अपने घर लौटा था। इसके बाद उसे जांच के बाद सिस्टम क्वारंटाइन में रखा गया था। विगत 4 जून को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे घर भेज दिया गया था। फिर रविवार को पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद उसे कोविड-19 केयर सेंटर में भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन मजदूर के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर जाने के बाद वह किसके-किसके संपर्क में आया था। हालांकि पूरे मामले को लेकर कोई कुछ कहने को तैयार नहीं है। लोहरदगा में कुडू प्रखंड में ही इसी प्रकार से पहले भी मामला प्रकाश में आ चुका है।