उदय की 16 से भूख हड़ताल में झामुमो नेता भी करेंगे शिरकत
संवादसूत्र भुरकुंडा (रामगढ़) सरकारी जमीन पर भू माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे को ले झारख।
संवादसूत्र, भुरकुंडा (रामगढ़) : सरकारी जमीन पर भू माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे को ले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। झामुमो के जिला संगठन सचिव उदय मालाकार पटेल नगर भुरकुंडा स्थित हाई स्कूल मैदान व नेहरू कन्या प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जा हटाने को लेकर 16 अगस्त से भुरकुंडा थाना चौक के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है। बताया जाता है कि इस आंदोलन में झामुमो के केंद्रीय सचिव संजीव बेदिया, केंद्रीय महासचिव फागू बेसरा, जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू, जिला सचिव विनोद कुमार महतो सहित कई केंद्रीय नेता भी शिरकत करेंगे। इधर, शनिवार को सेंट्रल सौंदा में स्थानीय महिलाओं की बैठक हुई। बैठक में निर्णय हुआ कि उदय मालाकार का आंदोलन जनहित में है। अवैध कब्जा से मुक्ति व केवि को भुरकुंडा में स्थापित करने को लेकर उदय के आंदोलन में सेंट्रल सौंदा की महिलाएं भी समर्थन करेंगी। साथ ही इस जनहित से जुड़े मामले को लेकर महिलाएं लोगों को जागरूक भी करेंगी। बैठक में बसंती देवी, स्नेहा कुमारी, शीतल, पूनम देवी, शांति देवी, सोनम देवी, सामंती देवी, स्वरूप रानी, प्रतिमा देवी, गीजा, सोनी देवी, चिता देवी, फूलमणि देवी सहित कई महिलाएं शामिल थीं।