विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील ने वेस्ट बोकारो में पहला इलेक्ट्रिक ट्रक किया लॉन्च, ग्रीन मोबिलिटी को मिलेगा बढ़ावा

Published: Thu, 22 Jan 2026 02:57 PM (GMT+05:30)

टाटा स्टील ने वेस्ट बोकारो में अपने पहले इलेक्ट्रिक ट्रक का शुभारंभ किया, जो 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन के ...और पढ़ें

झंडी दिखाकर शुभारंभ करते मुख्य अतिथि व अन्य। (जागरण)

झंडी दिखाकर शुभारंभ करते मुख्य अतिथि व अन्य। (जागरण)

HighLights

  1. टाटा स्टील ने वेस्ट बोकारो में पहला इलेक्ट्रिक ट्रक लॉन्च किया।

  2. यह 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन लक्ष्य में सहायक होगा।

  3. प्रतिवर्ष 64 टन CO2 उत्सर्जन कम करेगा, पर्यावरण को लाभ।

संवादसूत्र, वेस्ट बोकारो (रामगढ़)। टाटा स्टील ने बुधवार को सतत संचालन की दिशा में अपनी यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जब वेस्ट बोकारो स्थित कोल बेनेफिसिएशन प्लांट के वॉशरी नंबर 3 परिसर में अपने पहले इलेक्ट्रिक ट्रक का शुभारंभ किया।

यह पहल कंपनी के रा-मैटेरियल डिवीजन के लिए पहली उपलब्धि है, जो वर्ष 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रति टाटा स्टील की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह इलेक्ट्रिक ट्रक मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक और टायकून इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ किए गए रणनीतिक सहयोग का परिणाम है, जो भारी उद्योग क्षेत्र में स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के साझा संकल्प को दर्शाता है।

यह ट्रक पूर्णतः शून्य उत्सर्जन के साथ संचालन के लिए तैयार किया गया है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 64 टन कार्बनडाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी। इसका पर्यावरणीय लाभ प्रति वाहन लगभग 3,000 पेड़ लगाने के बराबर है।

आने वाले महीनों में टाटा स्टील इसके प्रदर्शन का गहन परीक्षण करेगी और इसके परिणामों के आधार पर अन्य परिचालन क्षेत्रों में इसे चरणबद्ध रूप से लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाएगी। टाटा स्टील, वेस्ट बोकारो डिवीजन के चीफ, कोल बेनेफिसिएशन बी वी सुधीर ने कहा कि 'यह हमारे वेस्ट बोकारो डिवीजन और पूरी रॉ मैटेरियल डिवीजन टीम के लिए वास्तव में गर्व का क्षण है।

इलेक्ट्रिक ट्रकों को शामिल करना हमारे मुख्य संचालन में सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जो हमें कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद करता है और भारत को कम-कार्बन औद्योगिक इकोसिस्टम की ओर बढ़ने में समर्थन देता है।'

उदघाटन समारोह में रंजन कुमार सिन्हा, चीफ प्रोक्योरमेंट ऑफिसर, संजय राजोरिया, जेनरल मैनेजर (कोल), मुज़फ्फर शाह, चेयरमैन, टाइकून इंडस्ट्रीज प्रा. लि., अरविंद मोहन सिंह, नेशनल हेड, मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक, आशुतोष कुमार पांडेय, चीफ, कोल बेनेफिसिएशन (डेज़िग्नेट), मजहर अली, चीफ, इंजीनियरिंग और सर्विसेज, वेस्ट बोकारो डिवीजन, शांतनु वर्मा, चीफ, प्रोक्योरमेंट लॉजिस्टिक्स सहित विभिन्न विभागों के हेड, कार्यकारी अधिकारी, वेंडर पार्टनर्स के प्रतिनिधि और यूनियन सदस्य शामिल थे।

पारंपरिक रूप से डीजल संचालित वाहनों को इलेक्ट्रिक विकल्पों से बदलकर, टाटा स्टील का उद्देश्य ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को महत्वपूर्ण रूप से कम करना, ध्वनि प्रदूषण घटाना और दीर्घकालिक संचालन लागत को कम करना है। यह पहल भारी उद्योग क्षेत्र में सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने में टाटा स्टील की नेतृत्व भूमिका को और मजबूत करती है।