विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामगढ़ में SAIL के ठेका मजदूरों का प्रदर्शन, 15 सितंबर तक PF-पेंशन का समाधान नहीं तो अनिश्चितकालीन धरना

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:14 AM (IST)

रामगढ़ में एसआरयू इफको मरार के ठेका मजदूरों ने पीएफ, पेंशन और ग्रेच्युटी के लंबित मुद्दों को लेकर संयुक्त मोर्चा ...और पढ़ें

पीट मीटिंग में शामिल कामगारों के साथ नेतागण। जागरण

पीट मीटिंग में शामिल कामगारों के साथ नेतागण। जागरण

HighLights

  1. ठेका मजदूरों ने पीएफ, पेंशन और ग्रेच्युटी मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया।

  2. प्रबंधन को 15 सितंबर तक समाधान का अल्टीमेटम दिया गया।

संवाद सहयोगी, रामगढ़। रामगढ़ में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की इकाई एसआरयू इफिको मरार के मुख्य संयंत्र द्वार पर बुधवार को संयुक्त मोर्चा संगठन की ओर से गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। गेट मीटिंग में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।

संरक्षक खोगेंद्र साहू ने कहा कि मजदूरों के 30-35 वर्षों के खून-पसीने से इस कारखाने की नींव मजबूत हुई है। वर्ष 2015 से ठेका मजदूरों के पीएफ, पेंशन और ग्रेच्युटी के साथ जो अन्याय हुआ है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रबंधन समय रहते मजदूरों को उनका हक दे, नहीं तो आर-पार की लड़ाई होगी।

संयोजक केडी मिश्रा ने कहा कि प्रबंधन ने एक सितंबर को पत्रांक 99 के तहत भ्रामक नोटिस जारी कर मजदूरों को गुमराह करने का प्रयास किया है। बीआरएल काल में फंसा पीएफ का पैसा ब्याज सहित चालू यूएएन में ट्रांसफर किया जाए और वास्तविक ज्वाइनिंग दर्ज कर पेंशन व ग्रेच्युटी बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बजरंगबली मंदिर प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

अध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि संयुक्त मोर्चा का गठन हर मजदूर को मान-सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए हुआ है। यहां कोई बड़ा या छोटा नेता नहीं है, बल्कि हर मजदूर खुद नेता है। सह-संयोजक राजू वर्मा ने कहा कि 2015 से पहले ठेका मजदूरों का पीएफ इफिको ट्रस्ट में था। शादी, बीमारी और पढ़ाई जैसी जरूरतों के लिए 24 घंटे में पैसा मिल जाता था। उन्होंने कहा कि स्थायी कर्मचारियों का पीएफ आज भी ट्रस्ट में है।

सह-संयोजक प्रकाश कुमार ने कहा कि ठेका मजदूर जागरूक और लामबंद हो चुके हैं। हम उत्पादन के मामले में कभी पीछे नहीं रहे। सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष किशोर कुमार ने की, जबकि मंच संचालन महेश यादव ने किया।

मौके पर सह-संयोजक राजकिशोर सिंह, कमलेश बेदिया, सचिव गुप्तेश्वर मिश्र, कमलेश पाण्डेय, जोबर महतो, चंदन मुखर्जी, अनिल पंडित, ओंकार कुशवाहा, संतोष यादव, अरुण कुमार सिंह, ओम प्रकाश कुशवाहा, रमेश कुमार महतो, विकास कुमार, रामजी यादव, मनोज महतो, राकेश बेदिया, महेश महतो, राजकिशोर, तारा लाल महतो, निरंजन प्रसाद, सेवालाल महतो, मंटू कुमार, उदय कुमार, विनय रजवार, ईश्वर महतो, रामू महतो सहित बड़ी संख्या में कामगार मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- लोहरदगा में ट्रक ऑनर एसोसिएशन का बड़ा आंदोलन, 21 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान