दो साल के बेटे का गला रेत महिला ने कुएं में लगाई छलांग
महिला ने अपने मायके में ही अपने दो साल के बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
जासं, रामगढ़। डिप्रेशन से पीड़ित महिला ने शनिवार को अपने मायके में ही अपने दो साल के बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी आत्महत्या के लिए कुएं में कूद गई। कुएं में छलांग लगाने की आवाज सुन पड़ोसी जुट गए और कुएं से मां-बेटे को बाहर निकाला। बच्चे को लोग रांची रोड स्थित मेडिका अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है। कमरे के बिस्तर पर से पुलिस ने खून से सना हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार, एक चाकू व खून लगा चादर जब्त किया है। मासूम का गला रेतने के साथ-साथ मां ने दोनों कान, सिर व गाल पर भी हथियार से वार किया था। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र (झारखंड) के मरार, रांची रोड स्थित पलामू कॉलोनी की है।
पांच दिनों पूर्व ही महिला बिहार के गया स्थित ससुराल से रामगढ़ आई थी। थाना प्रभारी, रामगढ़ राजेश कुमार का कहना है कि मां ने बच्चे की हत्या करने की बात स्वीकारी है। हत्या के कारणों का सही पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।