एक आवेदन देकर भ्रष्ट सेवकों पर करें प्रहार : लोकायुक्त
जिलों में जा-जाकर लोगों को भ्रष्टाचार के खलाफ जागरूक कर रहे हैं लोकायुक्त
संवाद सहयोगी, हजारीबाग : भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान पर निकले लोकायुक्त सेवानिवृत्त न्यायाधीश डीएन उपाध्याय शनिवार को हजारीबाग पहुंचे। यहां उन्होंने नगर भवन में आयोजित जागरूकता शिविर को संबोधित किया। लोगों से बातचीत कर लोकायुक्त ने उन्हें भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिविर को संबोधित करते हुए लोकायुक्त ने अपने 45 मिनट के भाषण में लोकायुक्त के गठन और इसके उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार आपके पैसे का दुरुपयोग है। आपका एक आवेदन भ्रष्ट सेवकों पर बड़ा प्रहार कर सकता है। लोकायुक्त ने बताया कि कोई भी व्यक्ति साक्ष्य के साथ भ्रष्ट लोक सेवकों के खिलाफ शिकायत कर सकता है। इसके लिए वकील की आवश्यकता है न कोई समय सीमा है। जिसके विरुद्ध शिकायत करनी है, उसकी पूरी जानकारी देकर लोकायुक्त कार्यालय को पत्र दिया जा सकता है। बताया कि लोकायुक्त कार्यालय में व्यक्तिगत लाभ के लिए भी आवेदन आ रहे हैं। आम लोगों को भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम से जोड़ने के लिए वे राज्य के सभी जिलों में जा रहे हैं, हजारीबाग उनका 10 वां जिला है। उनका मकसद आम लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध खड़ा करना है और सीधे लोकायुक्त कार्यालय से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि लोकायुक्त कार्यालय ने पिछले डेढ़ सालो में 1400 मामले को निष्पादन करते हुए 75 भ्रष्ट लोक सेवकों पर कार्रवाई की अनुशंसा की है और 42 पर कार्रवाई हो चुकी है।
इससे पहले उनका लॉ कालेज के विद्यार्थियों ने स्वागत किया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार डालसा की ओर से पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकायुक्त डीएन उपाध्याय, सचिव लोकायुक्त संजय कुमार, हजारीबाग बार अध्यक्ष मिथिलेश कुमार मन्ने, राज्य बार सदस्य राजकुमार राजू व डालसा सचिव संजीव कुमार झा ने दीप प्रज्वलन कर सामूहिक रूप से किया। मंच संचालन गौरव सिन्हा ने किया।
लोकायुक्त सचिव संजीव कुमार ने भी जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने आवेदन देने के तरीके पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि आवेदन के साथ एक शपथ पत्र देना अनिवार्य है। राज्य बार के सदस्य राजकुमार राजू ने विषय प्रवेश कराते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए हर संभव मदद की बात कही। धन्यवाद ज्ञापन बार संघ के अध्यक्ष मिथलेश कुमार मन्ने ने की। इनकी रही उपस्थिति
बार संघ के सचिव हीरालाल साव, ला कालेज प्रचार्य प्रो. जयदीप सान्याल, अधिवक्ता भैया मुकेश, हिमांशु कुमार, एनबीजेके के मीरा कुमारी, सृजन फाउंडेशन के अलावा एनसीसी, लां कींलेज के छात्र, सूचना अधिकार मंच, बुद्धिजीवी वर्ग, सेवानिवृत कर्मी, ग्रामीण महिलाओं की उपस्थिति रही।