राहुल दुबे गैंग की कमर तोड़ने में जुटी झारखंड पुलिस: 2 दिन में 3 एनकाउंटर, 6 गिरफ्तार; बम-हथियार और पर्चा बरामद
हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है, जिसके तहत हाल ही में बड़कागांव और ...और पढ़ें

घायल अपराधियों के साथ गिद्दी व उरीमारी पुलिस। जागरण
HighLights
हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ अभियान तेज किया।
बड़कागांव और गिद्दी में 6 आरोपित गिरफ्तार, 3 को गोली लगी।
पुलिस ने हथियार, बम और गिरोह के नाम के पर्चे बरामद किए।
मनोज तिवारी, गिद्दी (रामगढ़)। हजारीबाग जिला पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। हजारीबाग जिला पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। हजारीबाग जिले के बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्रों में बीते दिनों हुई लगातार पुलिस कार्रवाई से गिरोह के सक्रिय सदस्यों में हड़कंप है।
बीते सात अगस्त की रात बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई तथा 22 अगस्त की अहले सुबह गिद्दी में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने गिरोह से जुड़े छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन अपराधियों के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने हथियार, बम, गोलियां और गिरोह के नाम के पर्चे भी बरामद किए हैं। बीतं सात अगस्त की कार्रवाई में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
इनमें एक आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पूछताछ और मोबाइल जांच में टेलीग्राम के माध्यम से गिरोह के सदस्यों से संपर्क की जानकारी मिलने पर पुलिस अन्य आरोपितों तक पहुंची।
भागते वक्त हुआ एनकाउंटर
पुलिस ने 25 जुलाई की रात बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड में हुई गोलीबारी में भी गिरोह की संलिप्तता की बात कही है। बीते 22 अगस्त की अहले सुबह सूचना पर गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस ने बंद गिद्दी वाशरी के पुराने 40 टन कांटा घर रोड के पास वाहन जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागे और वहां से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अपराधी फरार हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया।
पुलिस ने मौके से दो देशी पिस्टल, जिंदा गोलियां, खोखे, मोबाइल, राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे और बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई। वहीं बड़कागांव व गिद्दी में गत हुए घटना में पुलिस ने पतरातू बाजार निवासी करमा कुमार साहु से भी पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर साधुकुटिया जंगल से बम और देशी पिस्टल की मैगजीन बरामद की थी।
हजारीबाग जिला पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी और उसके पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गोली कांड का नहीं कर पाई है अभी तक उद्भेदन
गिद्दी थाना पुलिस ने गिद्दी परियोजना के निजी क्रशर में गोली कांड के करीब 29 दिन बीते जाने के बाद भी उदभेदन नहीं कर पाई है। इस घटना में राहुल दुबे गुर्गे द्वारा घटना अंजाम देने की बात सामने आई थी।
राहुल दुबे के गुर्गे ने बीते 25 जुलाई को निजी क्रशर पर खड़े हाइवा के उपचालक करण कुमार उर्फ नयन को राहुल दुबे के नाम का पर्चा थमा कर गोली मार दी थी। जिससे उपचालक के दोनों पैर के मांस वाले हिस्से से होते गोली आरपार हो गई थी।
