माता रूपी सोरेन के श्राद्ध-कर्म के पांचवें दिन पैतृक गांव नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निभाईं परंपराएं; भोज की तैयारी पूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा में दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म के पांचवें दिन पारंपरिक ...और पढ़ें

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन को स्मरण करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया।
HighLights
नेमरा गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया।
कई नेताओं और अधिकारियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संवाद सूत्र, बरलंगा (रामगढ़)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में दिवंगत माता रूपी सोरेन की स्मृति में श्राद्ध कर्म के पांचवें दिन रीति-रिवाजों के अनुरूप स्वजनों के साथ विभिन्न रस्में निभाईं।
इस दौरान उन्होंने अपनी दिवंगत माता को स्मरण करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया। नेमरा गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित श्राद्ध-कर्म के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों के साथ धार्मिक परंपराओं का निष्ठा से निर्वहन किया।
माता के प्रति गहरी आत्मीयता व्यक्त करते हुए उन्होंने इस कठिन समय में सामाजिक मान्यताओं के अनुरूप सभी रस्में पूरी कीं।
भव्य टेंट और भोजन की विशेष तैयारी

दिवंगत रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म को लेकर कारीगरों द्वारा भव्य टेंट का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को सैकड़ों मजदूरों ने मिलकर तीन अलग-अलग टेंट खड़े किए।
यहां एक बार में 1800 से 2000 लोगों के एक साथ भोजन करने की व्यवस्था की जा रही है। इन अलग-अलग टेंटों में स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दराज से आने वाले बाहरी लोग भी सम्मिलित होंगे।
इसके साथ ही, सांसद, विधायक, राज्य स्तर के नेता और प्रशासनिक अधिकारियों जैसे वीवीआईपी मेहमानों के लिए एक अलग टेंट का निर्माण कराया जा रहा है।
टेंट निर्माण का कार्य 15 अक्टूबर तक पूरी तरह पूर्ण कर लिया जाएगा। आगंतुकों के लिए बनने वाले भोज के विभिन्न व्यंजनों की स्वादिष्ट वैराइटी और मेनू लिस्ट भी तैयार की जा रही है।
दिग्गज नेताओं और अधिकारियों का तांता

सोमवार को झारखंड के कई प्रमुख सांसद और विधायक नेमरा पहुंचे। सभी ने सबसे पहले दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
पहुंचने वाले प्रमुख लोगों में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र महतो, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, रांची के विधायक सीपी सिंह, सरयू राय, बिहार के बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार सर्वजीत, पूर्व विधायक डॉ. जीतू चरण राम और हजारीबाग सदर के पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह शामिल रहे।
इन सभी जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त की। साथ ही, ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सोमवार को सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहा, जिसमें राज्य की डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। दिनभर आईजी और डीआइजी रैंक के पुलिस अधिकारियों का भी आना-जाना चलता रहा।
