विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिलान्यास के बाद भूले अफसर! रामगढ़ में नहीं शुरू हुआ जलमीनार का निर्माण, गहराया पानी का संकट

Published: Wed, 26 Aug 2026 01:33 PM (GMT+05:30)

शिलान्यास के एक माह बाद भी रामगढ़ के बरकाकाना में मिनी जलमीनार का निर्माण शुरू नहीं हुआ है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है।

नहीं शुरू हुआ जलमीनार का निर्माण

नहीं शुरू हुआ जलमीनार का निर्माण

HighLights

  1. शिलान्यास के एक माह बाद भी जलमीनार निर्माण शुरू नहीं।

  2. बरकाकाना क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीण नाराज।

  3. खराब जलमीनारों की मरम्मत और नए निर्माण की मांग।

संवाद सूत्र, बरकाकाना (रामगढ़)। रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मिनी जलमीनार का शिलान्यास हुए एक माह बीत चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। शिलान्यास के बाद स्थानीय लोगों में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार बरकाकाना क्षेत्र के नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्ड में करीब पांच लाख रुपये की लागत से मिनी जलमीनार का निर्माण कराया जाना है। नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद की मौजूदगी में इसका शिलान्यास किया गया था। 

निर्माण से संबंधित कोई खास गतिविधि नहीं 

ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि शिलान्यास के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर जलापूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। लेकिन एक माह बाद भी स्थल पर निर्माण से संबंधित कोई खास गतिविधि नहीं दिख रही है। 

स्थानीय ग्रामीण घुटूवा बस्ती सह समाजसेवी अनिल कुमार महतो ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में कई योजनाओं का शिलान्यास तो कर दिया जाता है, लेकिन समय पर काम शुरू नहीं होने के कारण योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन को भी करीब छह माह बीत चुके हैं, लेकिन क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षित गति से धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। 

पहले से बने तीन जलमीनार भी खराब

ग्रामीणों ने बताया कि घुटूवा महतो टोला वार्ड नंबर 21 में पहले से बने तीन जलमीनार भी खराब पड़े हैं। मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने नगर परिषद से खराब जलमीनारों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ प्रस्तावित मिनी जलमीनार का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।

हमारे वार्ड नंबर 21 में जलमीनार बंद पड़ी की खबरें मुझे मिली है। इसकी शिकायत नगर परिषद कार्यालय में दे दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया गया है। - गीता देवी, वार्ड पार्षद वार्ड नंबर 21